लखीमपुर खीरी। बुधवार को डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने तहसील धौरहरा के संभावित बाढ़/कटान ग्रस्त क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने बाढ़-कटान को रोकने के लिए बनाए जा रहे सुरक्षा कवचों का जायजा लिया और बाढ़ खंड के अधिकारियों को काम जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए।
सर्वप्रथम डीएम ने शारदा नदी के बाएं किनारे पर स्थित ग्राम समूह राजापुर भज्जा एवं पसियनपुरवा की सुरक्षा के लिए कटान निरोधक कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस परियोजना की लागत 577.30 लाख रुपये है। इस परियोजना के तहत 900 मीटर लंबाई में ईसी बैग का बेस बनाकर टाप पर दो लेयर जीईओ बैग का एप्रेन एवं 19 अदद परक्यूपाईन स्टड का निर्माण किया जा चुका है। अब 02 लेयर जीईओ बैग से बैक स्लोप पिचिंग का कार्य किया जा रहा है। अधिशासी अभियंता बाढ़ खंड राजीव कुमार ने बताया कि परियोजना के 85 प्रतिशत कार्य पूर्ण कर लिए गए हैं। डीएम ने कहा कि तटबंधों के अतिसंवेदनशील स्थल एवं बाढ़ और कटान से प्रभावित ग्रामों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त मात्रा में रिजर्व स्टाक के रूप में सीमेंट की खाली बोरी, नॉयलान क्रेट, ब्रिक रोड़ा, बांस-बल्ली, परक्यूपाइन की व्यवस्था सुनिश्चित कर ली जाए। संवदेनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थलों की सतत निगरानी की जाए। इसके बाद रामनगर बगहा में बनाई जा रही परियोजना का निरीक्षण किया और परियोजना को एक सप्ताह के भीतर सुरक्षित स्तर तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम धौरहरा सुनन्दु सुधाकरन, प्रभारी निरीक्षक डीपी तिवारी, तहसीलदार अनिल यादव मौजूद रहे।