पसगवां ब्लाक क्षेत्र के अतिसंवेदनशील केंद्रों का डीएम किंजल सिंह ने निरीक्षण कर पीठासीन अधिकारी सहित सभी कर्मचारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने मतदान पेटिका संकलन केंद्र का जायजा लिया, जहां संतुष्ट न होने पर उन्होंने तत्काल व्यवस्था में बदलाव करने का निर्देश दिया।
पंचायत चुनाव के पहले चरण के तहत हो रहे चुनाव में डीएम किंजल सिंह ने पसगवां ब्लाक क्षेत्र के गांव बनकागांव, कल्लुआ, सिसौरा नासिर और सल्लिया का निरीक्षण किया, इसमें सल्लिया गांव में मतदान केंद्र पर तैनात पीठासीन अधिकारी सुधांशु मिश्रा, श्रीकृष्ण शुक्ला, मुन्नी सहित सभी मतदान कर्मियों को दिशा निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने जंगबहादुरगंज स्थित केन ग्रोवर्स इंटर कॉलेज में मतदान पेटिका संकलन केंद्र का निरीक्षण किया लेकिन यहां की व्यवस्था से वह संतुष्ट नहीं हुई उन्होंने व्यवस्था में बदलाव किए जाने का निर्देश दिए।
मतदान: चुनिंदा बातें
-पसगवां चतुर्थ से जिला पंचायत सदस्य पद के प्रत्याशी गिरीश चंद्र पांडे के खिलाफ आचार संहिता का उल्लंघन किए जाने के मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। जिसमें उनके खिलाफ मतदाताओं को भोज कराने की आरोप लगाया गया। इस बावत प्रत्याशी के भाई सतीश चंद्र पांडे का कहना है कि उनके घर श्राद्ध था उसी का भोज चल रहा था।
-सल्लिया के वार्ड संख्या एक के बीडीसी प्रत्याशी मुनमुन शुक्ला का आरोप है कि उनका मत किसी दूसरे ने डाल दिया। जिसकी शिकायत उन्होंने डीएम और एसपी से की है।
-मोहउद्दीनपुर मतदान केंद्र पर बीडीसी के प्रत्याशी आपस में भिड़ गए, पुलिस ने प्रत्याशी दिनेश गुप्ता, सुमित गुप्ता, रामसेवक और सुनील गुप्ता को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।