लखीमपुर खीरी। सावन की शुरुआत हो चुकी है। अब कांवड़ियों की भीड़ भी उमड़ने लगेगी। ऐसे में उनकी सुरक्षा और सुविधा को लेकर प्रशासन ने दिशा-निर्देश जारी किए हैं। डीजे बजाने पर प्रतिबंध नहीं है मगर आवाज धीमी रखनी होगी। साथ ही मालवाहक वाहनों का प्रयोग प्रतिबंधित किया गया है।
सावन महीने में पुलिस और परिवहन अधिकारी कांवड़ यात्रा के सुरक्षित सफर और यातायात नियमों के पालन पर नजर रखेंगे। नियमों की अनदेखी पर कार्रवाई के संबंध में परिवहन आयुक्त ने निर्देश भी जारी किए हैं। एआरटीओ प्रशासन आलोक कुमार ने बताया कि कांवड़ यात्रा में मालवाहक वाहनों के प्रयोग पर रोक रहेगी। अगर इन माल वाहक वाहनों पर यात्री नजर आए तो कार्रवाई की जाएगी। यात्रा में शामिल वाहन चालकों और मालिकों से नियमों के पालन की अपील की जाएगी।
एएसपी नैपाल सिंह ने बताया कि कांवड यात्रा में शामिल डीजे की ध्वनि पर नजर रखी जाएगी। डीजे की आवाज निर्धारित मानक के अनुसार ही रखने का निर्देश है। दो पहिया और अन्य वाहनों से आने-जाने वाली कांवड़ यात्रा के संबंध में भी जरूरी निर्देश दिए गए हैं। नियमों की अनदेखी पर कार्रवाई भी की जाएगी।