बांकेगंज। कुकरा-बांकेगंज रोड पर मंगलवार सुबह आठ बजे करीब राहगीरों में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब झाड़ियों से निकलकर एक बाघ बीच सड़क पर आकर खड़ा हो गया।
दुधवा टाइगर रिजर्व बफरजोन की मैलानी रेंज और दक्षिण खीरी वन प्रभाग के गोला रेंज सीमा से गुजरे बांकेगंज-कुकरा मार्ग पर बरौंछा नाले से निकला एक बाघ लोहिया पुल के पास बीच सड़क पर आ खड़ा हुआ। यह देख उधर से गुजर रहे राहगीरों और बाइक सवारों के होश उड़ गए। बाघ काफी देर तक बीच सड़क पर खड़ा रहा। जिसके चलते सड़क के दाेनों ओर दो पहिया और चौपहिया वाहनों की लंबी कतारें लग गई।राहगीर उल्टे पांव वहां से भाग खड़े हुए। इस बीच आसपास खेतों में काम रहे मजदूरों के शोर मचाने पर बाघ झाड़ियों में छिप गया।
उधर ढ़ाका,हरदुआ गांव के लोगों समेत प्रधान राम किशुन का कहना है कि पिछले करीब 15 दिन मैलानी रेंज जंगल से निकला एक बाघ क्षेत्र में लगातार चहलकदमी करते दिखलाई पड़ रहा है।