बीडीओ के माध्यम से रेलमंत्री को भेजा ज्ञापन, आरोपा को निलंबित करने की मांग
बुधवार को स्टेशन परिसर के प्रवेश द्वार पर दिव्यांग साथी की पिटाई से गुस्साए अनेक महिला और पुरुष दिव्यांगों ने शुक्रवार को बांकेगंज ब्लाक मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन करते हुए बीडीओ के माध्यम से रेलमंत्री को ज्ञापन भेजा, जिसमें उन्होंने आरोपी रेलकर्मी को निलंबित करने की मांग की।
बीडीओ के माध्यम से रेलमंत्री को भेजे ज्ञापन में दिव्यांगों सुरेन्द्र मौर्य, गुड्डी देवी, उमेश, रामप्रसाद, जगदीश, स्वामी दयाल आदि ने लिखा है कि बुधवार बहनोई को ट्रेन में बिठाने गए कोठीपुर निवासी दिव्यांग जसपाल सिंह बांकेगंज रेलवे स्टेशन गया था। आरोप है कि इस दौरान रेलकर्मी इम्तियाज अली सिद्दीकी ने उसको गालियां दीं और मारपीट की। साथी के साथ हुई घटना से गुस्साए दिव्यांगों ने शुक्रवार सवेरे ब्लाक मुख्यालय प्रांगण में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्तंभ पर खड़े होकर जोरदार प्रदर्शन किया। साथ ही बीडीओ भूषण कुमार के माध्यम से रेलमंत्री को ज्ञापन भेजकर दोषी रेलकर्मी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए निलंबन की मांग की।
ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई
दिव्यांगों ने एनईआर वेबसाइट पर ऑन लाइन शिकायत दर्ज कराई है। इसमें घटना की जांच के बाद दोषी रेलकर्मी को निलंबित करने की मांग की गई है।
कांग्रेस महासचिव ने निंदा की
कांग्रेस पार्टी के जिला महासचिव कृष्ण कुमार मिश्र ने मारपीट का विरोध करते हुए घटना की कड़ी निंदा की, उन्होंने रेलमंत्री से दोषी रेल कर्मी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।