लखीमपुर खीरी। जिले में बिजली कटौती है। जिला मुख्यालय से लेकर गांव और कस्बों में रहने वालों का हाल बेहाल है। उमस भरी गर्मी से हर किसी को जीना दुश्वार है। शासन स्तर से तमाम निर्देशों के बावजूद जिले की बिजली आपूर्ति पटरी पर नहीं आ पा रही है। बार बार हो रही ट्रिपिंग से लोगों का काम धंधा तक प्रभावित है।
शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्र में रह रही करीब 50 लाख की आबादी उमस भरी भीषण गर्मी में कटौती से परेशान है। गर्मी के चलते बिजली का मांग बढ़ी है। इससे ट्रांसफार्मर पर लोड बढ़ गया है। अचानक लोड बढ़ने से संयंत्र ओवरलोड होने से बिजली आपूर्ति गए हैं। ऐसे में सुबह से लेकर शाम तक होने वाली कटौती से लोग परेशान हैं। शाम के समय स्थित और भी दयनीय हो जाती है।
आलम यह हो जाता है कि हर 15 से 20 मिनट पर बिजली चली जाती है और आधे घंटे बाद आती है। ट्रिपिंग का यह खेल शहरी क्षेत्र में रात दस बजे तक व ग्रामीण क्षेत्रों में रात 12 बजे तक चलता रहता है। इस वजह से शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में लोग उमस वाली भीषण गर्मी में परेशान होते हैं।
एक्सईएन शैलेंद्र कुमार बताते हैं कि ओवरलोडिंग की वजह से बार बार ट्रिपिंग हो रही है। इस समस्या से निजात दिलाने के लिए प्रयास जारी है। स्थिति जल्द ही नियंत्रण में आ जाएगी।
ट्रांसफार्मर न बदले जाने से नाराज उपभोक्ताओं ने उपकेंद्र पर किया प्रदर्शन
पसगवां। जंगबहादुरगंज विद्युत उपकेंद्र से जुड़े गांव जलालपुर में पिछले कई दिनों से बिजली आपूर्ति बेपटरी है। इसका कारण एक ट्रांसफार्मर का खराब होना और दूसरे में आए दिन खराबी आनी है। जिम्मेदारों के ध्यान न दिए जाने से नाराज उपभोक्ताओं ने रविवार को उपकेंद्र पर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने बताया गांव में दो ट्रांसफार्मर लगे हैं।
एक करीब एक माह से खराब है और दूसरा ट्रांसफार्मर आए दिन खराब होता रहता है। इससे बिजली मिलना मुश्किल है। जानकारी देने के बावजूद अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे। उमस भरी गर्मी से बेहाल उपभोक्ता दीपक, मुकेश कुमार, धर्मवीर सिंह, वीरेंद्र, संजीव कुमार, विनय सिंह, शोभित कुमार ,सुधीर कुमार ,सरोज कुमार, विमलेश सिंह, सुरेश, आनंदपाल, रूप सिंह, मोहित सिंह ,राजपाल सिंह, पूर्व प्रधान सद्दीक आदि ने रविवार को उपकेंद्र पर प्रदर्शन की ट्रांसफार्मर बदलने की मांग करने लगे।
इस संबंध में अवर अभियंता सुशील कुमार ने बताया कि दो दिन पूर्व ट्रांसफार्मर फुंकने की जानकारी मिली है। इसके लिए जिला मुख्यालय पर लिखा पढ़ी की है। एक ट्रांसफार्मर के जलने से करीब तीस घरों में विद्युत आपूर्ति ठप है ।