डीएम बोले, सफलता मिलने पर बढ़ाई जाएगी इनकी संख्या
लखीमपुर खीरी। जिलेवासियों को जल्द ही हेल्थ एटीएम की सौगात मिलेगी। डीएम के प्रयास से गुलरिया चीनी मिल (बलरामपुर फाउंडेशन) सीएसआर फंड से यह उपलब्ध कराएगी। इससे निशुल्क मेडिकल डिवाइस इंटीग्रेशन, डायग्नोस्टिक एवं स्क्रीनिंग सुविधा मिल सकेगी।
डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि कि सीएम योगी ने सभी जिलों में एक-एक हेल्थ एटीएम लगवाने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए गुलरिया चीनी मिल आगे आई है, जो सीएसआर फंड से जिले को एक हेल्थ एटीएम मुहैया कराएगी। इसके लगने से 53 टेस्ट हो सकेंगे। इनकी रिपोर्ट स्लिप के माध्यम से मिलेगी।
उन्होंने बताया कि जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर करने के लिए यह बेहद कारगर साबित होगा। डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि फिलहाल पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर एटीएम लगेगा। इसके सफल होने पर जिले में इनकी संख्या बढ़ाई जाएगी।
ये हो सकेंगी जांचें
एटीएम से ऊंचाई, वजन, बीएमआई, हाइड्रेशन, बोन मास, मसल मास, विसरल फैट, मेटाबोलिक ऐज, मसल क्वालिटी स्कोर, बेसल मेटाबोलिक रेटिंग, सिस्टोलिक बीपी, डायस्टोलिक बीपी, पल्स रेट, ऑक्सीजन लेवल, शरीर का तापमान आदि की जांच हो सकेगी। इसके अलावा ग्लूकोज, हीमोग्लोबिन, लिपिड प्रोफाइल, यूरिन, प्रेगनेंसी, एचआईवी, साइटोमेगा लो वायरस, डेंगू, चिकनगुनिया, मलेरिया, टाइफाइड, हेपेटाइटिस ए, कार्डिएक ट्रोपोनिन, जॉइंट पेन, प्रोस्टेट कैंसर, हरपीज, रूबेला, डब्ल्यूबीसी व एचबीए-1-सी जैसे टेस्ट होंगे।