बसपा भी मैदान में आने की कर रही तैयारी
लखीमपुर खीरी। जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव में इस बार निर्दलीय जिला पंचायत सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। क्योंकि किसी पार्टी के पास बहुमत नहीं है। अभी तक 30 निर्दलीय सदस्य हैं। इसलिए सभी पार्टियां निर्दलीय सदस्यों को अपने पक्ष में करने को जुटीं हैं। सपा ने अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है, लेकिन भाजपा और बसपा ने अभी अपने पत्ते नहीं खोले हैं।
जनपद में जिला पंचायत सदस्यों की कुल संख्या 72 है। जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी पर बैठने के लिए दो तिहाई बहुमत यानी 57 सदस्यों का समर्थन जरूरी है। यह आंकड़ा फिलहाल किसी भी दल के पास नहीं है। भाजपा, सपा और बसपा ने अपने समर्थित उम्मीदवार मैदान में उतारे थे। 72 सीटों में भाजपा के सात अधिकृत और पांच बागी प्रत्याशी जीते हैं, जबकि सपा के 14 और बसपा के 11 समर्थित प्रत्याशी जीते हैं। सबसे ज्यादा 31 निर्दलीय उम्मीदवार जिला पंचायत सदस्य बने हैं। इनमें बांकेगंज ब्लॉक के जिला पंचायत सदस्य की मृत्यु होने के कारण उस सीट पर उपचुनाव कराया गया है, जिसका परिणाम 14 जून को आएगा।
सपा ने सबसे पहले अध्यक्ष पद के लिए अपना प्रत्याशी अंजली भार्गव को घोषित कर दिया है, जो कस्ता के पूर्व विधायक सुनील भार्गव की बहू हैं। वहीं भाजपा ने अभी तक अपना उम्मीदवार घोषित नहीं किया है। हालांकि निवर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष सुमन नरेंद्र सिंह ने अपने कंडीडेट को जिला पंचायत सदस्य बनाया है, जिसे अध्यक्ष पद के लिए टिकट दिलाने की कोशिश में लगे हैं।
सदस्यों को दिए जा रहे हैं प्रलोभन
निर्दलीय चुनाव जीते जिला पंचायत सदस्यों को तरह-तरह के प्रलोभन देकर अपने खेमे में लाने की कोशिश भाजपा और सपा कर रही है। पिछले चुनावों में एक-एक सदस्य पर 50 लाख से एक करोड़ रुपये तक खर्च किया जाता रहा है। इस बार भी लाखों रुपये में जिला पंचायत सदस्यों की बोली लगाई जा रही है। इसके अलावा सदस्यों को अपने क्षेत्रों में विकास कार्य के लिए ठेके दिलाने का भी आश्वासन दिया जा रहा है।
अभी उपचुनाव की आचार संहिता लगी होने के कारण प्रत्याशी घोषित नहीं किया गया है। जैसे ही राज्य निर्वाचन आयोग चुनाव कार्यक्रम घोषित करेगा, उसके साथ ही अध्यक्ष पद के प्रत्याशी का नाम घोषित कर दिया जाएगा। हमारी तैयारी पूरी है और भाजपा समर्थित उम्मीदवार ही जीतेगा। - सुनील सिंह, जिलाध्यक्ष, भाजपा
बसपा समर्थित कई उम्मीदवार जिला पंचायत सदस्य का चुनाव जीते हैं। निर्दलियों के समर्थन से अध्यक्ष पद पर अपना उम्मीदवार उतारेंगे। इसके लिए हाईकमान से बात चल रही है। पार्टी के दिशा-निर्देश मिलते ही उम्मीदवार के नाम की घोषणा की जाएगी। - उमाशंकर गौतम, जिलाध्यक्ष, बसपा