लखीमपुर खीरी। प्रदेश स्तरीय जूनियर बालक-बालिका बैडमिंटन और जूनियर बालक वर्ग कबड्डी प्रतियोगिताओं के लिए जिले के खिलाड़ियों के चयन/ट्रायल की तिथियां घोषित कर दी गई हैं।
इच्छुक खिलाड़ी निर्धारित तिथि पर लालपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम पहुंचकर जिला स्तरीय चयन/ट्रायल में प्रतिभाग कर सकते हैं। उप क्रीड़ाधिकारी मो. इरफान ने बताया कि जूनियर बालक-बालिका बैडमिंटन का जिला स्तरीय चयन एक सितंबर को दोपहर दो बजे लालपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम में होगा। चयनित खिलाड़ी दो सितंबर को चौक स्टेडियम, लखनऊ में मंडल स्तरीय चयन/ट्रायल में प्रतिभाग करेंगे।
प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता सात से नौ सितंबर तक महामाया स्पोर्ट्स स्टेडियम, गाजियाबाद में प्रस्तावित है। खिलाड़ियों की जन्मतिथि एक जनवरी 2012 या उसके बाद की होनी चाहिए। जूनियर बालक वर्ग कबड्डी का जिला स्तरीय चयन 31 अगस्त को शाम तीन बजे लालपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम में होगा।
मंडल स्तरीय चयन दो सितंबर को शाम तीन बजे चौक स्टेडियम, लखनऊ में होगा। प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता सात से नौ सितंबर तक अयोध्या में आयोजित की जाएगी। प्रतिभागियों की जन्मतिथि एक जनवरी 2007 या उसके बाद की होनी चाहिए।
उप क्रीड़ाधिकारी ने बताया कि चयन/ट्रायल में शामिल खिलाड़ियों को सक्षम स्तर से जारी और प्रमाणित पात्रता तथा जन्मतिथि प्रमाणपत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।