निघासन। मदनापुर गांव में सोमवार शाम से लापता 26 वर्षीय दिव्यांग युवक का शव मंगलवार सुबह गांव के पास तालाब में उतराता मिला। तालाब किनारे उसकी चप्पलें पड़ी मिलीं। तालाब में मगरमच्छ होने की सूचना से ग्रामीण शव निकालने की हिम्मत नहीं जुटा सके। वन विभाग की निगरानी में पुलिस ने शव बाहर निकलवाकर पोस्टमाॅर्टम के लिए भेज दिया।
मदनापुर निवासी राजकुमार (26) पुत्र रामचंद्र एक पैर से दिव्यांग था। उसके बड़े भाई महेंद्र पाल ने बताया कि राजकुमार सोमवार शाम करीब साढ़े पांच बजे घर से निकला था। देर रात तक नहीं लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
मंगलवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे ग्रामीण तालाब की ओर गए। किनारे पर राजकुमार की चप्पलें पड़ी मिलीं। पानी में देखने पर शव उतराता नजर आया। तालाब में मगरमच्छ होने की जानकारी पर ग्रामीण पीछे हट गए और वन विभाग को सूचना दी।
दक्षिण निघासन की लुधौरी रेंज के वनरक्षक कमल कांत, एसटीपीएफ के इंदल कुमार व विमल कुमार समेत रेंज स्टाफ मौके पर पहुंचा। वनकर्मियों ने तालाब की निगरानी की। इसके बाद पुलिस ने उनकी निगरानी में शव बाहर निकलवाया। वन विभाग ने ग्रामीणों को तालाब के आसपास मगरमच्छों से सतर्क रहने की सलाह दी।
राजकुमार अपने पीछे पत्नी गुंजा देवी (22) और ढाई साल की बेटी बबीता को छोड़ गया है।