एसडीएम को अपनी समस्याओं से अवगत कराते दिव्यांगजन। स्रोत : संगठन
गोला गोकर्णनाथ। भारतीय दिव्यांग यूनियन के पदाधिकारियों ने प्रशासन पर वादाखिलाफी का आरोप लगाकर लंबित मांगों के लिए डीएम को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर मांगों का निस्तारण नहीं किया गया तो दिव्यांगजन अलीगंज रोड स्थित उल्ल नदी में जल समाधि लेने के लिए विवश होंगे।
मंगलवार को भारतीय दिव्यांग यूनियन के पदाधिकारियों ने डीएम को संबोधित ज्ञापन एसडीएम प्रतीक्षा त्रिपाठी को देते हुए बताया कि वर्ष 2025 में अशोक चौराहे के पास स्थित इंदिरा पार्क में धरना देकर दिव्यांगों की विभिन्न समस्याओं को लेकर तत्कालीन उपजिलाधिकारी, विधायक और चेयरमैन को ज्ञापन दिया गया था। उस समय एक माह के भीतर सभी मांगें पूरी कराने का आश्वासन भी दिया गया था।
ज्ञापन में बताया गया कि दिव्यांगों के अंत्योदय राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ, भूमिहीन दिव्यांगजनों को भूमि पट्टा, सरकारी अस्पतालों में अलग काउंटर और चिकित्सक की तैनाती, मुद्रा योजना का लाभ सहित अन्य मांगें अब तक पूरी नहीं की गई हैं। छह माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद प्रशासन ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।
दिव्यांग यूनियन ने स्पष्ट किया कि यदि एक सप्ताह के भीतर सभी मांगों का निस्तारण नहीं हुआ तो वे मजबूरन अलीगंज रोड स्थित उल्ल नदी में जल समाधि लेने का कदम उठाएंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
इस मौके पर मिथिलेश कुमार, अमित कुमार, विजयपाल, राजेश मौर्य, तिलकराम वर्मा, बबलू, नारायण सहित बड़ी संख्या में दिव्यांगजन मौजूद रहे।