इसी नाले में गिरकर हुई दिव्यांग युवक की मौत : संवाद
बरवर। रोशननगर मोहल्ले में बुधवार रात एक बेहद दर्दनाक हादसे में दिव्यांग संदीप कुमार (21) की खुले नाले में गिरकर मौत हो गई। संदीप की दिव्यांगता इस कदर थी कि वह पैरों के सहारे चल नहीं सकते थे और घिसट-घिसटकर ही आगे बढ़ पाते थे। जिस नाले ने उनकी जान ली, उसे ढकने का प्रस्ताव एक साल से फाइलों में धूल फांक रहा है। व्यवस्था की संवेदनहीनता और सुस्त चाल की वजह से यह हादसा हुआ।
रोशननगर निवासी संदीप बुधवार शाम घर से कुछ दूर रौजा (मजार) के पास गए थे, जहां शाम को मोहल्ले के युवा जुटते हैं। देर शाम घर लौटते वक्त अचानक पैर फिसलने से वह नाली में जा गिरे। नाली का बहाव भी ऐसा था कि वह घिसटते हुए उससे जुड़े छह फुट गहरे मुख्य नाले में जा गिरे। देर रात तक जब वह घर नहीं लौटे, तो परिजनों ने तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान संदीप का शव नाले में पड़ा मिला। बृहस्पतिवार को उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस नाले का निर्माण वर्ष 2012 में हुआ था। करीब एक साल पहले सफाई के नाम पर इसके स्लैब हटाए गए थे। कुछ स्लैब टूटे मिलने के बाद उन्हें दोबारा डालने के बजाय नाले को ऐसे ही मौत का कुआं बनाकर छोड़ दिया गया। संवाद
-
टेंडर के बावजूद नहीं डलवाए गए स्लैब
वार्ड सभासद सईद अहमद ने बताया करीब एक वर्ष पहले नगर पंचायत बोर्ड की बैठक में नाले की मरम्मत और उस पर स्लैब डलवाने का प्रस्ताव पारित हुआ। कई बार अधिकारियों से कहने के बावजूद अब तक यह काम नहीं हो सका।
-
यह नाला वर्ष 2012 में बनाया गया था। करीब छह महीने पहले सफाई के लिए स्लैब हटाए गए थे। इस दौरान कुछ स्लैब टूटे पाए गए। स्लैब और नाले की मरम्मत के लिए टेंडर हो चुका है। जल्द ही यह काम शुरू कराया जाएगा। -संजय शर्मा, चेयरमैन, बरवर
इसी नाले में गिरकर हुई दिव्यांग युवक की मौत : संवाद