नौरंगाबाद स्वास्थ्य केंद्र पर मरीजों को देखते चिकित्सक। संवाद
लखीमपुर खीरी। मौसम में तेजी से बदलाव और बढ़ती गर्मी के साथ जिले में डायरिया के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। स्वास्थ्य केंद्रों पर पेट दर्द, उल्टी-दस्त और कमजोरी की शिकायत लेकर मरीज पहुंच रहे हैं।
रविवार को नगरीय और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर अधिकांश मरीज डायरिया के मिले। नौरंगाबाद स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. अजय कुमार राय ने बताया कि दूषित पानी और खानपान में लापरवाही इसकी मुख्य वजह है। छोटे बच्चे और बुजुर्ग तेजी से इसकी चपेट में आ रहे हैं।
उन्होंने बताया कि गर्मी में खाद्य पदार्थ जल्दी खराब हो जाते हैं, जिससे संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में बाहर का खाना, कटे फल और बासी भोजन से परहेज करें और केवल उबला या साफ पानी ही पिएं।
-
पीएचसी पर नहीं लैब असिस्टेंट, जांच के लिए भटक रहे मरीज
गोलागोकर्णनाथ। नगर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में ब्लड प्रेशर और डायबिटीज के अलावा अन्य जांच नहीं हो पा रही हैं। लैब असिस्टेंट प्रमोद कुमार को सीएचसी पर संबद्ध किए जाने के कारण मरीजों को जांच के लिए गोला सीएचसी भेजा जा रहा है।
जन आरोग्य मेला में डॉ. अवनी वर्मा, फार्मासिस्ट अखिलेश अवस्थी और स्टाफ नर्स वर्षा पांडे ने 35 मरीजों को देखा, जिनमें अधिकतर खांसी-जुकाम और बुखार के थे। अधीक्षक डॉ. गणेश कुमार ने बताया कि जिले में लैब असिस्टेंट की कमी है। सीएचसी की दूरी कम होने के कारण स्टाफ को वहीं तैनात किया गया है। हालांकि पीएचसी पर किट के माध्यम से जांच की जा रही है।