लखीमपुर खीरी के ज्येष्ठ माह के पांचवें मंगल के अवसर पर जिले के सभी हनुमान मंदिरों में बजरंगबली की विशेष पूजा-अर्चना की गई। सुबह से ही श्रद्धालुओं का मंदिरों में तांता लगा रहा। 'जय श्रीराम' और 'जय बजरंगबली' के जयकारों के साथ घंटों की गूंज से मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल में सराबोर रहे।
इस पावन अवसर पर शहर के विभिन्न मार्गों और प्रमुख चौराहों पर व्यापारियों, सामाजिक संगठनों तथा विभिन्न संस्थानों द्वारा भंडारों का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं और राहगीरों को पूड़ी-सब्जी, हलवा-पूड़ी, छोला-चावल, कढ़ी-चावल, बूंदी, शरबत और शीतल जल का वितरण किया गया। भंडारों में लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली और देर शाम तक प्रसाद वितरण का क्रम जारी रहा।
डीआईओएस ने कराया भंडारा
जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) कार्यालय में भी जिला विद्यालय निरीक्षक विनोद मिश्रा के नेतृत्व में भंडारे का आयोजन किया गया। यहां श्रद्धालुओं को पूड़ी-सब्जी, बूंदी और चावल का प्रसाद वितरित किया गया। भंडारे में बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
शहर भर में आयोजित धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों ने आस्था, सेवा और सद्भाव का संदेश दिया। पांचवें मंगल के अवसर पर पूरा शहर भक्तिमय रंग में रंगा नजर आया।