फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

धूमधाम से निकली शिवजी की बारात 

Tue, 13 Feb 2018 06:53 PM IST
न्यूज डेस्क,अमर उजाला,लखीमपुर खीरी
विज्ञापन
devotees
विज्ञापन
छोटी काशी में भगवान शिव और मां पार्वती के मिलन की रात्रि महाशिवरात्रि का पर्व धूमधाम से मनाया गया। दूल्हे के रूप में सजे भगवान शिव की बारात नगर की सड़कों पर धूमधाम से निकाली गई। पौराणिक शिव मंदिर में मंगलवार सुबह से ही नगर, दूर दराज से आए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही। 
विज्ञापन

महाशिवरात्रि पर मंदिर गेंदे और गुलाब के फूलों, गुब्बारों, विद्युत बल्ब की लड़ियों से सजाया गया था। तीर्थ परिसर भी रंग-बिरंगी बिजली की रोशनी से जगमगाता रहा। कहीं घंटों का निनाद, तो कहीं गूंजते भजन, मंदिर में शिव तांडव, शिव स्त्रोत के मंत्रोच्चार से पूरा वातावरण शिवमय हो गया। ब्रह्म मुहूर्त से पूरी रात पौराणिक शिव मंदिर के कपाट खुले रहे। भक्तों ने सुख समृद्धि की प्राप्ति के लिए दूध, धन की प्राप्ति के लिए गन्ने के रस, यश प्राप्ति के लिए शहद और जीवन पर्यंत स्वस्थ रहने के लिए औषधि, बिल्वपत्र, दूब, धतूरा, भांग, पुष्प, पान, गंगाजल, शमीपत्र से भगवान भोलेनाथ का अभिषेक किया। वहीं, नीलकंठ मैदान में आचार्य रामदेव मिश्र के निर्देशन में आचार्य 54 बेदियों पर 108 सपत्नीक यजमानों से महा रूद्राभिषेक कराया। यह पांचवां आयोजन महाशिवरात्रि पर आकर्षण और श्रद्घा का केंद्र है। साथ ही नगर के अन्यत्र स्थानों पर भी शिव चालीसा, शिव स्त्रोत, सुंदरकांड पाठ वाद्य यंत्रों की धुनों पर छोटी काशी को शिव मय बना रहे थे। 

 हजारों दीयों से जगमग हुआ गोकर्ण तीर्थ 
गोला गोकर्णनाथ। महाशिवरात्रि पर प्राचीन गोकर्णतीर्थ के तट पर आयोजकों ने महादेवा धर्मशाला के सामने चबूतरे और विशालकाय शिव प्रतिमा के समक्ष आरती स्थल पर 21 हजार दीये जलाए। इसके साथ ही नगर और बाहर से आए श्रद्धालुओं ने हजारों दीप जलाकर तीर्थ और परिसर को जगमग कर दिया। तीर्थ के स्वच्छ जल में झिलमिलाती दीयों की रोशनी और जल पर बनता शिव प्रतिमा का प्रतिबिंब, जलते दीयों से बना झिलमिलाता स्वास्तिक, ऊं नम: शिवाय, जय महाकाल, कलश और भगवान गणेश की आकृति लोगों का मन मोह रही थी। दीप यज्ञ में शामिल होने के लिए शाम से ही लोग तीर्थ के तट पर पहुंचने लगे। इस मौके पर संतोष लाला, संजय लाला, नरेश, दीपक, प्रमोद लाला सहित श्रद्धालु व्यवस्था में लगे रहे। 
विज्ञापन


ठंडाई का प्रसाद बंटा  
महाशिवरात्रि पर दूध, दही, मेवा, मिष्ठान, शहद, भांग मिश्रित ठंडाई मुख्य प्रसाद मानी जाती है। मंदिर परिसर में कई स्टॉल लगाकर श्रद्धालुओं ने ठंडाई प्रसाद के रूप में वितरित की।  
 
खाली पड़ा रहा मेला कार्यालय 
नगर पालिका द्वारा बनाए गए कार्यालय में कहने को तो सोफा, कुर्सियां, प्रकाश से सजे मेला कार्यालय में दिन भर सन्नाटा पसरा रहा। वहीं, मंदिर परिसर में पुलिस कर्मी मोबाइल पर मशगूल दिखे। 

क्लेशहरण मंदिर में श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक 
ममरी। महाशिवरात्रि के पर्व पर क्षेत्र से लेकर दूर दराज से आए सैकड़ों कांवरियों ने हैदराबाद थाना क्षेत्र के ग्राम अहमद नगर स्थित छोटी काशी के अभिन्न अंग कहलाने वाले प्राचीन क्लेश हरण मंदिर में दुग्ध, जल से जलाभिषेक किया और मंदिर की परिक्रमा कर भोलेनाथ के जयकारे लगाए। पुजारी विष्णु गिरी ने बताया कि रात्रि 11:30 बजे से मंदिर में शिव का श्रंगार कर विशेष पूजन किया जाएगा। इस अवसर पर प्रधान पति मुकेश गुप्ता पर राजेश पुरवार सहित शिव भक्त मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें