सीएम योगी के जाने की प्रतीक्षा में खड़े दर्शन करने आए श्रद्धालु
- फोटो : LAKHIMPUR
गोला गोकर्णनाथ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का कार्यक्रम शनिवार को केवल दिवंगत विधायक अरविंद गिरि श्रद्धांजलि देने तक का था। अचानक शाम को सीएम के भगवान भोलेनाथ के दर्शन करने की सूचना प्रशासन को मिली। इसके बाद प्रशासनिक अमला मंदिर की व्यवस्थाएं दुरुस्त करने में लग गया। आनन-फानन में पुलिस प्रशासन ने मंदिर से लेकर अंबेडकर तिराहे तक बैरिकेडिंग लगाकर सारे रास्ते बंद कर दिए।
विधायक को श्रद्धांजलि देने के बाद जैसे ही उनका काफिला मंदिर के लिए रवाना हुआ, पुलिस-प्रशासन ने मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को रोक दिया। ऐसे में बहुत से श्रद्धालुओं को बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक करने के लिए मुख्यमंत्री के जाने तक इंतजार करने के लिए लाइन में खड़े रहना पड़ा। हरदोई जिले के गांव महेठा निवासी ओमप्रकाश ने बताया कि पूजा करने के लिए मंदिर जा रहे थे लेकिन पुलिसकर्मियों ने रोक दिया। अब सीएम के जाने की प्रतीक्षा कर रहे हैं। इसी तरह कई श्रद्धालु पूजन थाल लेकर सीएम के जाने की प्रतीक्षा करते रहे। संवाद