इस बेरहमी से पशुओं को सड़कों से हटाते कर्मचारी
- फोटो : LAKHIMPUR
गोला गोकर्णनाथ। शनिवार को जहां एक ओर मुख्यमंत्री के आगमन पर प्रशासन मुस्तैद था, वहीं सोशल मीडिया पर गोवंश की बेकद्री के फोटो वायरल होने से तहसील प्रशासन के अधिकारियों में खलबली मची है। शनिवार को दिवंगत विधायक की श्रद्धांजलि सभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन से पूर्व तहसील प्रशासन के निर्देश पर नगर पालिका कर्मचारियों ने नगर में छुट्टा विचरण करते गोवंश को पकड़वाया था।
सुबह गोवंश की बेकद्री के फोटो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगे। इन फोटो में गोवंश को उल्टा करके क्रेन में टांगने, रस्सी से बांधकर पूंछ पकड़कर घसीटते हुए लोडर में लादने के कई फोटो हैं। वही कुछ राहगीरों ने कुकरा रोड जंगल में रोड के किनारे कई पशुओं को मृत व मरणासन्न अवस्था में पड़े देखा। उच्चाधिकारियों के संज्ञान लेते ही सीवीओ डॉ. अजीत सिंह, बीडीओ बांकेगंज और बीडीओ कुम्भी गोला प्रदीप कुमार चौधरी मौके पर पहुंचे।
उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर फारुख के नेतृत्व में 15 सदस्यीय टीम ने पशुओं का इलाज शुरू किया। उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि सूचना मिलने पर जंगल में तीन पशु मरणासन्न अवस्था में पड़े थे जिनका इलाज कर ठीक होने पर मूड़ा सरकटा गोशाला भेज दिया गया। दो गोवंश मृत मिले जिन्हें मिट्टी में दबा दिया गया है।
मुख्यमंत्री के आगमन से पूर्व करीब 30-32 गोवंश को पकड़ कर सुरक्षित मूड़ा सरकटा अस्थाई गोवंश आश्रय स्थल भिजवाया गया है। जो पशु नहीं उठ पाते हैं, उन्हें इसी तरह उठाकर ले जाना पड़ता है।
- प्रदीप नारायण दीक्षित, ईओ नगर पालिका परिषद गोला।
‘इस तरह की कोई आधिकारिक शिकायत नहीं मिली है। सोशल मीडिया से मामले संज्ञान में आया है। कुछ पशुओं को पकड़वा कर गौशाला भेजा गया था। मामले की जांच कर कार्यवाही की जाएगी।’ - अनुराग सिंह, एसडीएम गोला
कुछ इस तरह रस्सों मे बांधकर गाड़ी में पशुओं को डालते कर्मचारी- फोटो : LAKHIMPUR