देवकली हॉल्ट। स्रोत : सोशल मीडिया
मैलानी। मैलानी-सीतापुर रेलखंड पर स्थित लखीमपुर का देवकली और सीतापुर का झरेखापुर हॉल्ट फिर से रेलवे स्टेशन बनेंगे। इसकी टेंडर प्रक्रिया शुरू हो गई है। इससे क्रॉसिंग के दौरान होने वाली ट्रेनों की लेटलतीफी से छुटकारा मिलने की उम्मीद है। स्टेशन बनाए जाने की खबर पर लोगों में खुशी देखने को मिल रही है।
मैलानी-सीतापुर रेलखंड पर गोला-लखीमपुर सेक्शन में लखीमपुर स्टेशन से पहले देवकली हॉल्ट है। हरगांव और सीतापुर के बीच झरेखापुर हॉल्ट है। गोला से लखीमपुर के बीच अभी फरधान ही स्टेशन है। फरधान से लखीमपुर की दूरी 15 किमी है, लिहाजा किसी ट्रेन का क्राॅस होने पर काफी समय लग जाता है। हरगांव से सीतापुर की दूरी 25 किमी है। इसी तरह सीतापुर और हरगांव के बीच भी क्रॉस होने पर काफी समय लग जाता है।
कई बार मालगाड़ी की क्रॉसिंग होने पर तो पैसेंजर ट्रेन एक घंटे तक लेट हो जाती है। इसे देखते हुए रेलवे ने देवकली और झरेखापुर हॉल्ट को स्टेशन में तब्दील करने की योजना तैयार की है। इसके लिए ऑनलाइन टेंडर प्रक्रिया शुरू हो गई है, जिसमें दोनों ही स्टेशनों पर तीन-तीन लाइनें बनाई जाएंगीं।
-
मीटरगेज के दौर में दोनों ही थे स्टेशन
-मीटरगेज के दौर में मैलानी-लखीमपुर सेक्शन के रजागंज, देवकली और लखीमपुर-सीतापुर सेक्शन का झरेखापुर भी स्टेशन ही था। आमान परिवर्तन के बाद रजागंज, देवकली और लखीमपुर-सीतापुर सेक्शन के खीरी टाउन, ओयल, झरेखापुर को हॉल्ट बना दिया गया। इससे क्रॉसिंग के दौरान ट्रेनें लेट होने लगीं। क्राॅसिंग स्टेशनों की कमी से ही मैलानी-लखनऊ खंड पर ट्रेनों की संख्या भी नहीं बढ़ पा रही है।