धौरहरा। टेंगनहा गांव में ओवरलोड गन्ना भरा ट्रक पलटने से हुई तीन बच्चों की मौत के बाद देवीपुरवा गन्ना सेंटर पर चीनी मिल ने तौल बंद कर दी थी।
वहीं अपनी पर्चियों पर गन्ना तौलवाने के लिए चार दिन से सेंटर पर किसानों की गन्ना भरी ट्राॅलियां खड़ी हैं। ताैल न होने की वजह से गन्ना सूख रहा है। समाधान न होने से किसान परेशान हो रहे हैं। किसानों ने समाधान के लिए मुख्यमंत्री पोर्टल सहित जिला गन्ना अधिकारी से शिकायत की है।
धौरहरा कोतवाली के देवीपुरवा गन्ना सेंटर से गन्ना भरकर ऐरा चीनी मिल जा रहा ओवरलोड ट्रक टेंगनहा गांव में सड़क किनारे खेल रहे बच्चों पर सोमवार की शाम पलट गया था। इसके नीचे दबने से तीन मासूम बच्चों की मौत हो गई थी। दूसरे दिन ग्रामीणों ने प्रर्दशन कर गन्ना सेंटर बंद करने की मांग की। जिस पर चीनी मिल के यूनिट हेड आलोक सक्सेना ने सेंटर पर तौल बंद करा दी।
इसके चलते अपनी पर्चियों पर गन्ना तौलवाने आए हरसिंगपुर, देवीपुरवा, सरजूनगर, कटैलापुरवा, सहबाजपुर, टेगनहा, ठकुरनपुरवा, टोढ़ीपुरवा, परसा के किसानों की गन्ना भरी ट्राॅलियां चार दिन से खड़ी हैं। किसान हिमांशु वर्मा, जयपाल, तेज नरायन, सुरेंद्र वर्मा, बैसराम ब्रहाप्रसाद आदि ने बताया कि सेंटर पर खड़ी ट्राॅलियों में गन्ना सूख रहा है। पर्चियां भी खराब हो रही हैं। इससे क्षेत्र के करीब ढाई हजार किसान प्रभावित हो रहे हैं।
ज्येष्ठ गन्ना विकास अधिकारी घनश्याम सिंह ने बताया कि प्रशासन के आदेश पर तौल रोकी गई थी। किसान चाहें तो उनकी ट्राॅलियां चीनी मिल गेट पर तौलवाई जा सकती हैं। एक दो दिनों में किसानों की सहमति से समाधान किया जाएगा।