लखीमपुर खीरी। अंत्योदय राशनकार्डों की डेटा फीडिंग अब 30 दिसंबर के बाद नहीं होगी।
31 दिसंबर को लखनऊ से ही साफ्टवेयर लॉक कर दिया जाएगा। 30 दिसंबर तक जिन अंत्योदय राशनकार्डों की फीडिंग नहीं हो पाएगी उनके बारे में यह मान लिया जाएगा कि यह कार्ड बोगस हैं। ऐसी दशा में उन कार्डों को निरस्त कर उनकी जगह नए लाभार्थियों का चयन कर लिया जाएगा।
जिला पूर्ति अधिकारी डॉ. राकेश तिवारी ने बताया कि जिला खीरी में अब तक अंत्योदय राशनकार्डों की महज 71.73 फीसदी डेटा फीडिंग हो पाई है। 30 दिसंबर तक शत प्रतिशत डेटा फीडिंग का लक्ष्य रखा गया है। 30 दिसंबर के बाद लखनऊ से साफ्टवेयर लॉक कर दिया जाएगा। इसके बाद प्रचलित अंत्योदय राशन कार्डों की फीडिंग नहीं हो पाएगी। डेटा फीडिंग से बच रहे अंत्योदय राशनकार्डो को निरस्त कर उनकी जगह नए लाभार्थियों का चयन कर उनके राशनकार्ड बनाए जाएंगे।
डीएसओ ने बताया कि 30 दिसंबर तक अंत्योदय राशनकार्डों के डेटा कलेक्शन और कंप्यूटर फीडिंग का काम युद्ध स्तर पर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि किसी को कोटेदार के पास डेटा जमा करने में कोई दिक्कत है तो वह सीधे जिला पूर्ति कार्यालय में जमा कर सकता है।
अंत्योदय राशनकार्डों की डेटा फीडिंग के लिए पूर्ति कार्यालय में 26 से 30 दिसंबर तक दो विशेष काउंटर खोले जा रहे हैं। यह काउंटर सुबह 10 बजे से दोपहर बाद दो बजे तक काम करेंगे।
जिला पूर्ति अधिकारी ने यह भी बताया कि एक से 15 जनवरी तक बीपीएल योजना के राशनकार्डों की डेटा फीडिंग का काम अभियान चलाकर कि या जाएगा। अब तक सिर्फ 46 फीसदी बीपीएल राशनकार्डों की फीडिंग हो पाई है। 15 जनवरी तक बीपीएल राशनकार्डों की डेटा फीडिंग का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि कुल राशनकार्डों में से अभी तक केवल 38 फीसदी राशनकार्डों की डेटा फीडिंग हो पाई है।