पलिया कलां। पलिया के उपनिबंधक ने तहसील के दो अधिवक्ताओं के खिलाफ पुलिस को तहरीर देकर कार्य में बाधा डालने व अभद्रता करने का आरोप लगाया है। मामले में पुलिस ने उपनिबंधक की तहरीर पर दो अधिवक्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
उपनिबंधक पलिया अनूप कुमार सिंह ने पुलिस को तहरीर दी है जिसमें उन्होंने दो अधिवक्ताओं पर आरोप लगाया है कि उनके द्वारा एक ही गाटा संख्या की भूमि के कई बार अभिलेख प्रस्तुत किए और इस दौरान अलग-अलग रेट लगाए। इस पर उन्होंने जब सुधार की बात कही तो दोनों अधिवक्ताओं ने अभद्रता करते हुए सरकारी कार्य में बाधा डालने का प्रयास किया। मामले में रिपोर्ट दर्ज होने की मांग की है।
निबंधक की तहरीर पर अधिवक्ता प्रमोद कुमार मौर्य व आनंद प्रकाश के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। उधर इसको लेकर पलिया बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं में खासा रोष है। अध्यक्ष श्रीष द्विवेदी के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने एसडीएम व सीओ से मुलाकात की और उपनिबंधक पर भी मामला दर्ज करने की मांग की। हालांकि देर शाम को दोनों पक्षों को एसडीएम व सीओ ने बुलाया है, इसके बाद आगे की कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है।