लखीमपुर खीरी। थाना ईसानगर के एक दरोगा और श्रावस्ती जिले में उद्योग विभाग में तैनात डिप्टी कमिश्नर की बातचीत का एक ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। ऑडियो में डिप्टी कमिश्नर तांडव मचाने और कानून व्यवस्था की समस्या खड़ी हो जाने की बात कहते सुने जा रहे हैं।
आडियो वायरल होने के बाद एसडीएम धौरहरा और सीओ ने डिप्टी कमिश्नर से संबंधित रामलोक कल्याण समिति के पांच सदस्यों की टीम से वार्ता की। संबंधित विभाग में शिकायत करने की सलाह दी। कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।
बताते हैं कि शनिवार को ईसानगर थाने के उपनिरीक्षक सुनील तिवारी के मोबाइल पर गांव रामलोक में संचालित रामलोक कल्याण समिति की ओर से एक काल आई। कॉल करने वाला व्यक्ति थाना क्षेत्र के एक गांव का निवासी और श्रावस्ती में डिप्टी कमिश्नर उद्योग विभाग के पद पर तैनात बताया जा रहा है। इस ऑडियो में किसी व्यक्ति (पत्रकार) पर कार्रवाई को लेकर डिप्टी कमिश्नर धमकाने वाले लहजे में बोलते सुने जा रहे हैं। उस पर कार्रवाई न होने पर थाने का घेराव करने की धमकी दी। कानून व्यवस्था में समस्या खड़ी करने की बात कही। कहा कि वह तांडव मचा देंगे। आडियो वायरल होने पर प्रशासन हरकत में आ गया।
रविवार सुबह एसडीएम राजेश कुमार व सीओ पीपी सिंह ने रविवार सुबह रामलोक समिति के विक्की मिश्रा, जितेन्द्र तिवारी, सुनील कुमार व विनय कुमार सहित पांच सदस्यों को थाना ईसानगर बुलाकर वार्ता की ।
एसडीएम ने समिति के लोगों से कहा कि संबंधित व्यक्ति के खिलाफ उसकी ही संस्था में शिकायत दर्ज कराएं। कोई खबर प्रकाशित करने पर पुलिस किसी को गिरफ्तार नही कर सकती है। समिति के सदस्यों के साथ आए करीब सौ लोगों को तुरंत घर जाने को कहा गया।
-
यह है मामला
बताते हैं कि कुछ दिन पहले एक क्षेत्रीय पत्रकार ने रामलोक कल्याण समिति से संबंधित कोई खबर प्रकाशित की थी, जो समिति के लोगों को नागवार गुजरी। समिति के लोग पुलिस के माध्यम से कार्रवाई कराना चाहते थे। ईसानगर थानाध्यक्ष देवेन्द्र सिंह ने बताया कि खबर प्रकाशित करने वाले पत्रकार पर कार्रवाई को लेकर ही रामलोक- ढखनिया निवासी डिप्टी कमिश्नर ने उप निरीक्षक को फोन किया। डिप्टी कमिश्नर भी समिति से जुड़े हैं।-
रामलोक कल्याण समिति के सदस्यों से बातचीत हो गई है। अपनी शिकायत संबंधित पत्रकार की संस्था में दर्ज कराने को कहा गया है। समिति के किसी भी सदस्य की ओर से अराजकता फैलाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। - पीपी सिंह, सीओ