कूलर में डेंगू का लारवा तलाशती मलेरिया विभाग की टीम
लखीमपुर खीरी। पिछले दो दिनों में मलेरिया विभाग की टीम ने अभियान चलाकर 162 घरों का निरीक्षण किया। इनमें से 25 घरों में डेंगू का लार्वा पनपता मिला। घरों में मौजूद कूलर व कंटेनर से लेकर फ्रिज के पीछे की ट्रे में हजारों की संख्या में लार्वा मौजूद मिले।
मलेरिया इंस्पेक्टर के नेतृत्व में दो टीमों ने मोहल्ला नई बस्ती और हिदायत नगर का निरीक्षण किया। नई बस्ती के 90 घरों की पड़ताल करने पर 15 में लार्वा पनपते मिले। इन घरों में मौजूद 115 कंटेनर में से 18 और 22 कूलरों में से पांच में डेंगू का लार्वा मिला। उधर, मोहल्ला हिदायत नगर में 72 घरों की पड़ताल की गई। इसमें से 10 घरों में लार्वा मिला। इन घरों में मौजूद 90 कटेनरों में से आठ और 12 कूलरों में से तीन में डेंगू के लार्वा पनपते मिले। मलेरिया विभाग के लोग बताते हैं कि डेंगू का लार्वा साफ पानी में और मलेरिया आदि के लार्वा गंदे जलभराव वाले स्थान पर पनपते हैं। इसलिए घर की छत पर कबाड़, गमला सहित कूलर, फ्रिज व एसी आदि में पानी न जमा होने दें। इनकी सप्ताह में एक दिन सफाई अवश्य करें।
24 घंटे में मिले डेंगू के तीन मरीज
जिले में डेंगू का खतरा निरंतर बढ़ रहा है। प्रतिदिन इसके केस सामने आ रहे है। गत 24 घंटे में डेंगू के तीन नए मरीज मिले हैं। इससे जिले में डेंगू के मरीजों की संख्या बढ़कर 113 हो गई है।
जिले में मिले मरीज
डेंगू 113
मलेरिया 275
डेंगू का लार्वा घर के अंदर साफ पानी के जलभराव में पनपता है। इसके प्रति लोगो को जागरूक करने के लिए अभियान चल रहा है। टीमें निर्धारित मोहल्लों में जाकर इनके स्रोत चेक करती है। लार्वा मिलने पर उन्हें नष्ट कराकर एंटी लार्वा का छिड़काव करती है। साथ ही घर के लोगो को इसके प्रति जागरूक भी किया जा रहा है। - हरिशंकर, जिला मलेरिया अधिकारी
कूलर में डेंगू का लारवा तलाशती मलेरिया विभाग की टीम