नकहा ब्लाक के गांव चाऊपुर पड़री में ओलावृष्टि के कारण फसलों को हुए नुकसान के मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने बसपा नेता सुरेंद्र वर्मा की अगुवाई में प्रदर्शन किया और तहसील दिवस में डीएम को ज्ञापन सौंपा।
ग्रामीणों का कहना है कि संबंधित लेखपाल ने अब तक नुकसान का सर्वे तक नहीं किया है, जिससे उन्हें मुआवजा नहीं मिल पाया है। आरोप है कि लेखपाल ने प्रधान के घर बैठकर ही चुनिंदा लोगों का सर्वे कर उन्हें चेक दिलवा दी हैं। जबकि जिन ग्रामीणों का सही में नुकसान हुआ है उसे अब तक मुआवजा नहीं मिला है। ग्रामीणों ने लेखपाल पर मनमानी करने का आरोप लगाया। ग्रामीणों ने मांग की कि गंभीरतापूर्वक इस मामले की जांच कराकर किसानों को उचित मुआवजा दिलाया जाए। इस दौरान कामता प्रसाद, इतवारी, सुनील वर्मा, संदीप वर्मा, राजू, दिगपाल सिंह, संजय कुमार, सर्वेश कुमार, बदलू सहित तमाम लोग मौजूद थे।