पेंशनर्स कल्याण संस्था के पदाधिकारी। स्रोत: आयोजक
लखीमपुर खीरी। पेंशनर्स भवन का विश्राम कक्ष कई महीने बाद भी खाली न कराए जाने से पेंशनर्स में नाराजगी है। कक्ष में परीक्षा संबंधी अभिलेख रखे जाने और उसे डबल लॉक किए जाने का मामला उत्तर प्रदेश पेंशनर्स कल्याण संस्था की बैठक में उठा। सदस्यों ने निर्णय लिया कि इस संबंध में एक बार फिर डीएम को ज्ञापन देकर अवगत कराया जाएगा। इसके बाद भी कार्रवाई नहीं हुई तो संस्था धरना-प्रदर्शन सहित आंदोलन करेगी। विश्राम कक्ष खाली होने तक संघर्ष जारी रखने का निर्णय लिया गया।
बुधवार को पेंशनर्स भवन में संस्था की जनपद शाखा की बैठक डॉ. ओपी श्रीवास्तव की अध्यक्षता में हुई। संचालन डॉ. सुशीला सिंह ने किया। अशोक कुमार श्रीवास्तव ने सरस्वती वंदना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। महामंत्री नरेश चंद्र वर्मा ने पिछली बैठक की कार्यवाही पढ़कर सुनाई, जिसकी सदस्यों ने सर्वसम्मति से पुष्टि की। महताब अली ने कोष संबंधी जानकारी दी। साथ ही प्रांतीय बैठक में लिए गए निर्णयों से सदस्यों को अवगत कराया गया। नए सदस्य बनाने और वर्तमान सदस्यों का नवीनीकरण कराने की अपील भी की गई।
बैठक में राम बहादुर मित्रा, शिव कुमार वर्मा, आसाराम वर्मा, बालकराम मौर्य, रघुनंदन झा, अरविंद कुमार वर्मा और राम टहल वर्मा ने विचार रखे। विश्राम लाल वर्मा ने पेंशनर्स के हित में कई सुझाव दिए। संरक्षक आरपी त्रिपाठी ने संस्था की गतिविधियों और बैठक के बेहतर संचालन के लिए पदाधिकारियों की सराहना की।
मौके पर बनाए गए ऑनलाइन जीवन प्रमाणपत्र
बैठक में आईसीआईसीआई बैंक के प्रतिनिधियों ने ऑनलाइन जीवन प्रमाणपत्र बनाने की प्रक्रिया की जानकारी दी। कई सदस्यों के जीवन प्रमाणपत्र मौके पर ही बनाए गए। बैंक प्रतिनिधियों ने बताया कि पेंशनर्स थरवरनगंज स्थित बैंक शाखा में दोपहर तीन से शाम पांच बजे के बीच पहुंचकर निशुल्क ऑनलाइन जीवन प्रमाणपत्र बनवा सकते हैं।