मैलानी। पूरनपुर क्षेत्र के लोगों ने केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद से मैलानी-पीलीभीत खंड पर संचालित ट्रेनों का विस्तार लखनऊ और बरेली तक करने की मांग की है। लोगों की मांग है कि मैलानी से सुबह सात बजे पीलीभीत के लिए एक नई ट्रेन शुरू की जाए, ताकि रोजाना आवागमन करने वाले लोग लाभान्वित हो सकें।
पीलीभीत के सांसद और केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद के पूरनपुर पहुंचने पर ग्राम उदयपुर खुर्द निवासी राजगुरु पांडेय ने उन्हें दिए गए मांग पत्र में कहा है कि मैलानी-पीलीभीत खंड की ट्रेनें सिर्फ मैलानी से पीलीभीत के बीच ही चलती हैं। पूरनपुर से सीधे बरेली तक ट्रेन नहीं है।
पूरनपुर से मैलानी और पूरनपुर से पीलीभीत के बीच भी पांच घंटे तक कोई ट्रेन नहीं है। इस कारण छात्रों, अधिवक्ताओं, दैनिक यात्रियों और आमजन को असुविधा होती है। पत्र में मैलानी से पीलीभीत के लिए सुबह सात बजे और पीलीभीत से मैलानी के लिए दोपहर 12 बजे एक नई ट्रेन चलाने और मैलानी-पीलीभीत खंड की ट्रेनों का विस्तार लखनऊ से बरेली तक किए जाने की मांग की गई है।