संपूर्णानगर पब्लिक इंटर काॅलेज के मैदान में कुश्ती करते पहलवान। संवाद
संपूर्णानगर (खीरी)। कस्बे के पब्लिक इंटर कॉलेज के मैदान में बुधवार से दो दिवसीय कुश्ती दंगल शुरू हो गया। दोपहर 12 बजे बजरंगबली की आराधना के बाद देश के विभिन्न राज्यों से आए पहलवानों ने दांव-पेच दिखाए।
मुकाबले में दिल्ली के माटी पहलवान ने टाइगर को पटखनी दी। फकीर बाबा ने काला चीता को हराकर जीत दर्ज की। मध्य प्रदेश से आए विवेक फौजी ने भी अपने दांव-पेच से मुकाबला अपने नाम किया। एक अन्य मुकाबले में संदीप पहलवान ने अशोक को हराया, जबकि सहारनपुर के बक्कार ने भी अपने प्रतिद्वंद्वी को चित कर वाहवाही लूटी।
दंगल में राजस्थान, पंजाब, मध्य प्रदेश, अजमेर, दिल्ली और पड़ोसी देश नेपाल से आए पहलवानों ने हिस्सा लिया। आयोजक राहुल पांडे, अजीत मौर्य और राजन यादव ने बताया कि इस दंगल का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे के खिलाफ जागरूक करना है। इस अवसर पर सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल तैनात रहा और भारी संख्या में क्षेत्र के दंगल प्रेमी मौजूद रहे। इस विराट दंगल का समापन 15 जनवरी को होगा।
दंगल का शुभारंभ श्री बालाजी सुंदर मंडल के मदन गोपाल, कमलेश शर्मा व अविनाश सिंह ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर किया। मुख्य अतिथि शिव कुमार व थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने विशिष्ट अतिथि डॉ. अशोक पांडे, डॉ. आईए खान व विश्व भूषण के साथ फीता काटकर पहलवानों का परिचय प्राप्त किया।