विजेता टीम को ट्रॉफी देते अध्यक्ष विजय शुक्ला रिंकू और बद्री प्रसाद मौर्य।संवाद
निघासन। जय हिंद कबड्डी कमेटी की तरफ से आयोजित 22वें राज्य स्तरीय कबड्डी टूर्नामेंट का समापन सोमवार को रोमांचक मुकाबलों के साथ हो गया। तीसरे व अंतिम दिन हुए फाइनल में दिल्ली एकेडमी ने पानीपत क्लब को कड़ी टक्कर देकर 37-35 से हराकर विजेता ट्रॉफी अपने नाम की।
टूर्नामेंट के अंतिम दिन कुल आठ टीमों ने सात मुकाबलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। पहले क्वार्टर फाइनल में गाजियाबाद क्लब ने लखनऊ एकेडमी को 30-18 से हराया, जबकि दूसरे क्वार्टर फाइनल में सोनीपत एकेडमी ने नानपारा एकेडमी को 20-13 से मात दी। तीसरे मुकाबले में दिल्ली एकेडमी ने बनारस एकेडमी को 22-14 से शिकस्त दी। चौथे क्वार्टर फाइनल में पानीपत क्लब ने गोपिया दबंग मिहीपुरवा को 32-18 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई।
पहले सेमीफाइनल में दिल्ली एकेडमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सोनीपत एकेडमी को 35-16 से पराजित किया। दूसरे सेमीफाइनल में पानीपत क्लब ने गाजियाबाद क्लब को 28-9 से मात देकर फाइनल में प्रवेश किया।
फाइनल मुकाबला दिल्ली एकेडमी और पानीपत क्लब के बीच खेला गया, जो शुरू से अंत तक रोमांच और संघर्ष से भरा रहा। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया, लेकिन आखिरी पलों में दिल्ली एकेडमी ने बढ़त बनाते हुए 37-35 से जीत दर्ज की और खिताब अपने नाम किया। इस मौके पर मुख्य अतिथि गोला नगर पालिका अध्यक्ष विजय शुक्ला ‘रिंकू’ व निघासन नगर पंचायत अध्यक्ष बद्री प्रसाद मौर्य ने विजेता व उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में सुनील बत्रा, कनकपाल सिंह राना, दयाशंकर मौर्य, सतीश कुमार सहित सैकड़ों कबड्डी प्रेमी उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों के जज्बे की सराहना करते हुए कहा कि खेल से अनुशासन और टीम भावना का विकास होता है।