गोला के इंदिरा पार्क में प्रदर्शन करते दिव्यांगजन। स्रोत: सोशल मीडिया
गोला गोकर्णनाथ। अशोक चौराहा स्थित इंदिरा पार्क में भारतीय दिव्यांग यूनियन ने अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग दिवस को काला दिवस के रूप में मनाया। उन्होंने प्रदर्शन कर अपनी समस्याओं के निराकरण की मांग की है।
बुधवार को संगठन के तहसील अध्यक्ष विकास कुमार ने कहा कि दिव्यांगजनों की समस्याओं का समाधान 15 कार्य दिवस के अंदर नहीं किया गया तो वह अपने पदाधिकारियों व अन्य दिव्यांगों के साथ जल समाधि लेने के लिए विवश होंगे। इसके लिए तहसील प्रशासन व जिला प्रशासन जिम्मेदार होगा। संगठन ने दिव्यांगजनों के अंत्योदय राशन कार्ड बनवाने, मुद्रा ऋण में आसानी, रोडवेज बसों में दिव्यांगजन की सुगम यात्रा, सरकारी अस्पताल में इलाज के लिए पर्चा बनवाने के लिए दिव्यांगजनों का अलग काउंटर, दिव्यांग आरक्षण के आधार पर मंडी समितियों में लाइसेंस धारी दिव्यांगों को आरक्षण का लाभ दिलाए जाने सहित विभिन्न मांगें की।
इस मौके पर अमित कुमार, सर्वेश कुमार, नारायण, राहुल वर्मा, सुधीर, रियाजुद्दीन इदरीसी, राजेश मौर्य, मोहम्मद जावेद, अंसार, आदि दिव्यांग मौजूद रहे। संवाद