मझगईं पुलिस की गिरफ्त में मृतक की पत्नी व प्रेमी।
लखीमपुर खीरी के मझगईं थाना क्षेत्र में छह दिसंबर को बल्लीपुर गांव निवासी महेंद्र राठौर का शव संदिग्ध हालात में उसके घर से बरामद हुआ था। मामले में मृतक की मां ने मृतक की पत्नी व एक युवक को उसका प्रेमी बताते हुए हत्या करने का आरोप लगाया था। शुक्रवार को पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
बल्लीपुर गांव निवासी मैकू के 32 वर्षीय पुत्र महेंद्र राठौर का शव संदिग्ध हालात में उसके घर के कमरे से बरामद हुआ था। मृतक की मां ने बहू व एक युवक को उसका प्रेमी बताते हुए पुत्र की हत्या का आरोप लगाया था। कार्रवाई न होने तक अंतिम संस्कार से भी इन्कार कर दिया था। जिसके बाद बैकफुट पर आई पुलिस ने आनन-फानन मृतक की पत्नी व एक युवक के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने समेत अन्य संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की थी।
युवक को पहले ही पुलिस ने हिरासत में ले लिया था। शुक्रवार को मृतक की पत्नी को भी गिरफ्तार करते हुए दोनों का चालान किया गया है। मझगईं थाना प्रभारी अवधराज सिंह सेंगर ने बताया कि मृतक की मां किशोरी देवी की तहरीर पर मृतक की पत्नी सुमन व सूरज पुत्र ओमबाबू के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। शुक्रवार को दोनों का चालान किया गया है। पीएम रिपोर्ट में हैंगिंग आई थी जिसके चलते आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया था।