निघासन। जुगाड़ू पुल से निकल रहे मांझा निवासी एक बुजुर्ग की जोरहा नदी में डूबकर मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
सिंगाही के मांझा निवासी जग्गी उर्फ जगीर सिंह (70), सिंगाही निवासी मेंहदी हसन की पत्नी की अंत्येष्टि में शामिल होने के लिए आया था। जौरहा नदी पर मांझा घाट पर ग्रामीणों ने जुगाड़ का पुल बनाया है। उस पुल से वह पैदल निकल रहा था। इसी बीच उसका संतुलन बिगड़ गया और वह पुल के नीचे गिर गया। पड़ोस में काम कर रहे लोगों ने उसे डूबते हुए देखा और उसे बाहर निकाला। उसे सिंगाही के प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रभारी निरीक्षक डीके सिंह ने बताया कि शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। उधर मृतक के बेटे जितेंद्र समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। लोगों ने पुल न बनने पर रोष जताया है।