जिला अस्पताल में ओपीडी के सामने मरीजों की भीड़
लखीमपुर खीरी। डेंगू का डंक जिले में कहर बरपा रहा है। जिले में डेंगू के मरीजों का आंकड़ा 84 हो गया है। उधर, बच्चा वार्ड में खून की कमी से पीड़ित डेढ़ साल की मासूम बच्ची की इलाज शुरू होने के कुछ ही देर बाद मौत हो गई।
जिले में बुखार का प्रकोप नहीं थम रहा है। इसकी चपेट में आकर लोग जिला अस्पताल पहुंच रहे है।सोमवार को बच्चा वार्ड में भर्ती होने वाले बच्चों की संख्या 20 हो गई। इसमें बुखार से पीड़ित बच्चों की संख्या छह थी। जबकि हाई ग्रेड फीवर से पीड़ित एक बच्चे को आईसीयू में शिफ्ट किया गया है। वहीं खीरी निवासी जहीरुल खून की कमी से जूझ रही डेढ़ साल की बेटी जिकरा को लेकर इमरजेंसी पहुंचे। हालत बेहद गंभीर होने के कारण बच्ची को बच्चा वार्ड में शिफ्ट कर खून चढ़ाने की प्रक्रिया शुरू। मगर, इससे पहले ही उसकी मौत हो गई।
पसगवां सीएचसी अधीक्षक डॉ. अश्वनी कुमार वर्मा ने बताया कि प्राथमिक विद्यालय में स्वास्थ्य शिविर लगवाकर मलेरिया, बुखार की 35 लोगों की जांच की गई। दो डेंगू पॉजिटिव मिले। एलाइजा जांच के लिए सैंपल जिला अस्पताल भेजा गया है।