धौरहरा। थाना इलाके में ससुराल आए नीमगांव के तिगोड़वा निवासी युवक का शव सरसवा-महाराजनगर सड़क पर रपटा पुल के नीचे संदिग्ध हालात में पड़ा मिला। युवक की बाइक भी पास में ही पड़ी थी। मृतक शनिवार की देर शाम ससुराल से गुटखा खरीदने की बात कहकर निकला था। वापस न पहुंचने पर ससुरालवाले उसकी तलाश में जुटे थे।
रविवार की सुबह करीब नौ बजे सरसवा से महाराज नगर रोड पर गांव के निकट रपटा पुल के नीचे एक युवक का शव पड़ा देखा गया। शव के पास ही बाइक भी पड़ी थी। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस पहुंची और शव की शिनाख्त का प्रयास किया गया। मृतक की पहचान नीमगांव थाने के गांव तिगोड़वा निवासी अनूप चौहान पुत्र परशुराम (26) के रूप में हुई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। उधर, युवक की मौत से परिजनाें का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस घटना को हादसा करार दे रही है। कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार सिंह का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला सड़क हादसे का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। मामले की जांच की जा रही है।