खीरी टाउन। खीरी थाना क्षेत्र के चाऊपुर निवासी एक युवक का शव खेत में आम के पेड़ से फंदे पर लटकता मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मामले में हत्या की आशंका जताई जा रही है।
सोमवार को चाऊपुर निवासी 25 वर्षीय राजू एक विवाह समारोह में शामिल होने के लिए घर से पड़री जा रहे थे। देर रात उसका शव पप्पू मौर्य के खेत में आम के पेड़ से फंदे पर लटका मिला। पता चला कि समारोह में कुछ लोगों से पप्पू का किसी बात पर विवाद हो गया था। वहां उसने शराब पी रखी थी।
जब राजू देर रात तक अपने घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने फोन किया। फोन भी नहीं उठा तो ढूंढते हुए बाग के पास पहुंचे जहां राजू का शव पेड़ से लटका मिला। सूचना पर पहुंचे नकहा चौकी इंचार्ज अजीत सिंह ने शव उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार युवक का शव संदिग्ध अवस्था में लटकता हुआ पाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।