मैलानी। छह दिनों से लापता जवाहरपुर के ग्रामीण का शव बृहस्पतिवार की शाम कंधईपुर स्थित एक भट्ठे के गड्ढे में मिला। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्यवाही कर रही है।
जवाहरपुर निवासी विजयी का पुत्र नारायन (45) 24 मार्च से लापता था। उसके भतीजे मनोज कुमार ने बताया कि चाचा नारायन शुक्रवार को घर से मैलानी की साप्ताहिक बाजार जाने के लिए साइकिल से निकले थे, लेकिन घर नहीं पहुंचे। ग्रामीणों ने आसपास और जंगल में ढूंंढा तो दूसरे दिन उसकी साइकिल खुटार रोड स्थित मैलानी रेंज की गदनियां बीट के जंगल में मिली थी. हालांकि उनका पता नहीं लग सका। पत्नी चंद्रावती ने थाने में तहरीर देकर 28 मार्च को गुमशुदगी रिपोर्ट दर्ज करवाई थी।
बृहस्पतिवार को कंधईपुर स्थित गोयल ब्रिक्स के फड़ में बने गड्ढे में शव उतराता दिखाई देने पर भट्ठास्वामी राजेश गोयल ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने पहुंचकर शव को बाहर निकलवाकर शिनाख्त के लिए नारायन के परिजन को बुलाया तो शव देखते ही पत्नी और बच्चे रोने लगे। एसओ राहुल सिंह ने बताया कि मृतक के शव पर किसी भी तरह के चोट के निशान नहीं है और परिजन किसी भी रंजिश से इन्कार कर रहे हैं। पोस्टमार्टम के बाद मृत्यु का असली कारण पता चल सकेगा।
बेसहारा हो गया परिवार
मैलानी। नारायन के परिवार में पत्नी चंद्रावती के अलावा सबसे बड़ा बेटा सियानंद (10), पुत्री रिशू (8) और सबसे छोटा पुत्र विकास (7) है। नारायन मजदूूरी करके अपने परिवार का गुजर-बसर करता था। उसकी मौत के बाद परिवार बेसहारा हो गया है।