लखीमपुर खीरी। धौरहरा कोतवाली क्षेत्र के गांव चखलाखीपुर निवासी 65 वर्षीय बुजुर्ग का शव ईसानगर थाना क्षेत्र में खीरी-बहराइच बॉर्डर के जालिमनगर में घाघरा नदी के पुल की रेलिंग से लटका मिला।
धौरहरा के गांव चकलाखीपुर निवासी गोले राम पांडे (65) पुत्र बाबूराम पांडे बृहस्पतिवार की शाम घर से निकले थे। शुक्रवार सुबह गांव से पांच किलोमीटर दूर लोगों ने शव लटका देखा तो चौकी पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने पहचान करते हुए घरवालों को जानकारी दी। मृतक के बड़े भाई हरिश्चंद्र ने बताया कि पत्नी के गुजरने के बाद अक्सर उदास रहते थे। इसी से परेशान होकर उन्होंने खुदकुशी की होगी। मृतक तीन भाई थे।
बताया जाता है कि कुछ साल पहले उन्होंने अपने हिस्से की सारी जमीन बेच दी थी। फिलहाल परिजनों ने किसी पर भी कोई आरोप नही लगाया है। कोतवाल दिनेश सिंह ने बताया कि परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने और तहरीर देने से मना कर दिया है। शव का अंतिम संस्कार करने को कहा जिस पर कागजी लिखापढ़ी के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया है।