गोला गोकर्णनाथ। हैदराबाद क्षेत्र के गांव बेहड़ा मुल्तान में बंद पड़े घर के अंदर बुधवार को एक युवक का शव लटका मिला। परिजनों ने प्रेम प्रसंग के चलते आत्महत्या की बात कही है।
मंगलवार की देर शाम नगर के मोहल्ला मुन्नूगंज निवासी मुन्नूलाल गुप्ता के 25 वर्षीय पुत्र रोहित गुप्ता का शव हैदराबाद थाना क्षेत्र के पैतृक गांव बेहड़ा मुल्तान में अपने बंद घर के अंदर मिला। रोहित अपने चार भाइयों राजीव गुप्ता, रजनीश गुप्ता, अनुज गुप्ता में सबसे छोटा था। परिजनों का कहना है कि रोहित का मोहल्ला मुन्नूगंज निवासी एक महिला के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था।
इसके चलते रोहित ने आत्महत्या कर ली है। रोहित अविवाहित था। थाना प्रभारी निरीक्षक दीपक तिवारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।