लखीमपुर खीरी। शहर की एक पाॅश काॅलोनी में रहकर काम करने वाले नाबालिग का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर की छत के कुंडे से लटका मिला। हत्या का आरोप लगाते हुए परिजनों ने शव मोर्चरी से निकालकर डीसी मार्ग पर रख दिया और जाम लगाने की कोशिश की। हालांकि, पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर कर दिया। पुलिस पोस्टमॉर्टम के बाद ही आगे की कार्रवाई की बात कह रही है।
थाना भीरा के ग्राम गोंधिया निवासी विजय पाल का 12 वर्षीय पुत्र दीपक करीब चार महीने से शहर की पंजाबी काॅलोनी निवासी सुरेंद्र तौलानी के घर पर काम करता था। दीपक के साथ ही उसका चचेरा भाई नीरज (18) भी था। बताते हैं कि सोमवार की शाम करीब पांच बजे घर के ऊपरी हिस्से में बने कमरे में दीपक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
जानकारी जब चचेरे भाई नीरज को मिली तो उसने दीपक के परिजनों को सूचना दी, वहीं पुलिस को भी बुलाया। मंगलवार की सुबह मृतक दीपक के परिजन पहुंचे और चचेरे भाई नीरज पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। परिजनों ने मोर्चरी से जबरन शव लाकर डीसी मार्ग स्थित महिला थाने के सामने रख दिया और प्रदर्शन करने लगे।
जानकारी होते ही कोतवाली प्रभारी अंबर सिंह दलबल के साथ पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित परिजनों को समझाते हुए दोषी के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की बात कही। हालांकि कुछ ही देर के बाद पुलिस ने डंडा फटकारते हुए भीड़ को तितर-बितर किया।
मृतक के परिजन हरिद्वार में करते हैं काम
मृतक दीपक के पिता विजय पाल अपनी पत्नी के साथ हरिद्वार में प्राइवेट नौकरी करते हैं। परिजनों ने बताया कि आवास के सर्वे को लेकर मृतक की मां रामा देवी घर पर आई थीं। पिता विजय पाल हरिद्वार में ही रहकर नौकरी कर रहा है। दीपक की मौत की खबर मिलते ही परिजन लखीमपुर के लिए रवाना हो गए। परिजनों के साथ कुछ रिश्तेदार भी पहुंच गए। सभी ने चचेरे भाई नीरज पर हत्या करने और शव लटका देने का आरोप लगाया।
पोस्टमॉर्टम हाउस पर प्रशासन की लापरवाही आई सामने
पोस्टमॉर्टम हाउस पर आने वाले शवों को डीप फ्रीजर में रखा जाता है। सोमवार की शाम पुलिस ने दीपक के शव को फ्रीजर में रखवा दिया था। फ्रीजर में शव होने की भनक लगते ही परिजन मोर्चरी पहुंचे। जहां से जबरन शव निकालकर महिला थाने तक लाए। इस दौरान किसी भी कर्मचारी ने शव ले जाने से उन्हें नहीं रोका।
आत्महत्या किए जाने की सूचना पर पुलिस गई थी। शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया था। जहां से परिजन जबरन शव लेकर मार्ग तक आ गए। परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया। डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
अंबर सिंह, इंस्पेक्टर सदर
डीसी मार्ग पर शव को सड़क पर रखे परिवार वाले। संवाद