लखीमपुर खीरी के कस्बा सुंदरवल में पशुओं के लिए घास काटने गए मां और बेटे की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटना से परिवार में मातम पसरा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कस्बा सुंदरवल निवासी 50 वर्षीय सुनीता पत्नी छैलबिहारी कश्यप अपने मंझले बेटे 18 वर्षीय अर्पित कश्यप के साथ रविवार की सुबह चारा काटने खेतों की तरफ गए थे। दोपहर तक जब दोनों घर नहीं आए तो परिजन को चिंता हुई। घर और पड़ोसी तलाश करते हुए खेतों की ओर गए। खोजबीन के दौरान शाम छह बजे चौराहे के निकट एक राइस मिल के पास लोगों को खेत में कुछ पड़ा नजर आया।
खेत में जाने के प्रयास में चारों ओर लगे कंटीले तार छूते ही कुछ लोगों को करंट के झटके लगे। इससे परिजन पीछे हट गए। बिजली विभाग को सूचना देकर लाइन कटवाई। खेत में जाकर देखा तो मां और बेटे के शव पड़े थे। पास ही एचटी लाइन का पोल लगा होने से करंट की चपेट में आने से दोनों की मौत होने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल मृतक के परिजन ने अभी तहरीर पुलिस को नहीं दी है।
फूलबेहड़ थाना के प्रभारी निरीक्षक बलवंत शाही ने बताया कि घास काटने गए मां और बेटे की कंटीले तार में उतरे करंट की चपेट में आने से मौत होने की आशंका है। परिजन की ओर से तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।