खमरिया। पीलीभीत-बस्ती हाईवे पर बृहस्पतिवार की रात गन्ना लदी ट्रैक्टर ट्राॅली में डीसीएम ने पीछे से टक्कर मार दी। इससे दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए हैं।
गांव रेहुआ निवासी जालिम का 28 वर्षीय पुत्र लालजी ट्रैक्टर-ट्राॅली से गन्ना लेकर गोविंद शुगर मिल खमरिया जा रहा था। रेहुआ पुलिस पिकेट के पास बहराइच से आ रही डीसीएम ने पीछे से ट्रैक्टर ट्राॅली में जोरदार टक्कर मार दी। इससे ट्रैक्टर पलट गया। उसके नीचे दबकर ट्रैक्टर चालक लालजी की मौत हो गई।
ट्रैक्टर पर सवार महरिया निवासी मेवा का 35 वर्षीय पुत्र संजय और दीपू का पुत्र धीरू घायल हो गए। पुलिस पिकेट पर ड्यूटी दे रहे उप निरीक्षक रामशेष यादव ने घायल दो लोगों को एंबुलेंस के माध्यम से लखीमपुर जिला अस्पताल भेजा। वहां इलाज के दौरान संजय की मौत हो गई। पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए हैं।