धौरहरा (खीरी)। धौरहरा कोतवाली क्षेत्र में बुधवार सुबह करीब पांच बजे कफारा मार्ग पर टापरपुरवा गांव के निकट एक लकड़ी भरी डीसीएम और ट्रक ट्रेलर में भिड़ंत हो गई। हादसे में ट्रक और डीसीएम के चालकों समेत तीन लोगों की मौत हो गई। ट्रक में सवार एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। घायल को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा है।
कफारा-धौरहरा मार्ग पर गांव टापरपुरवा अमेठी के पास अलसुबह पांच बजे सिसैया की ओर से आ रहे ट्रेलर ट्रक ने सामने से पापुलर की लकड़ी भरकर आ रही डीसीएम में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि डीसीएम के परखच्चे उड़ गए। हादसे में डीसीएम चालक सकटू (35) और डीसीएम में बैठा चौकीदार मिश्रीलाल (55) निवासी जम्हौरा थाना पढुआ की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं ट्रक चालक सलमान खान (40) निवासी लक्ष्मीपुर जल्लहिया थाना श्याम देवरवा जिला महराजगंज की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रक परिचालक धर्मेंद्र यादव निवासी नटवा जंगल जिला महराजगंज गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंचे कोतवाली प्रभारी सुरेश कुमार मिश्रा ने घायल को एंबुलेंस से सीएचसी धौरहरा भेजा। डॉक्टर ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार मिश्रा ने बताया कि मृतकों की शिनाख्त के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घायल की भी हालत नाजुक है। उसे जिला अस्पताल भेजा गया है।
ई-रिक्शा से टकराई कार, चालक समेत दो घायल
मझगईं। कस्बे में मंगलवार रात प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के पास खड़े एक ई-रिक्शा में कार पीछे से टकरा गई। हादसे में ई-रिक्शा चालक और एक सवारी गंभीर रूप से घायल हो गई।
मझगईं निवासी आनंद (30) पुत्र ज्वाला प्रसाद ई-रिक्शा चलाता है। वह रात करीब 10 बजे पलिया से सवारी लेकर मझगईं आया था। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के पास ई-रिक्शा किनारे लगाकर सवारियां से रुपये लेते समय पीछे से एक कार ई-रिक्शा से टकरा गई। हादसे में ई-रिक्शा चालक आनंद और मलंगा गांव निवासी विपिन कुमार (22) गंभीर रूप से घायल हो गया। घायलों का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस आरोपी कार चालक का पता कर रही है। हालांकि ग्रामीणों ने कार का नंबर नोट किया है। संवाद