लखीमपुर खीरी। जनपद में बुखार के साथ मलेरिया और डेंगू का प्रकोप बढ़ा है। शहर के मोहल्ला सिकटिहा, आवास विकास समेत गांव सुआगाड़ा, मितौली, मोहम्मदी, बेहजम आदि क्षेत्रों के कई गांवों में बुखार फैला हुआ है। जिले में लगातार एंटीलार्वा का छिड़काव व फॉगिंग करने के बाद भी मच्छरों का प्रकोप कम नहीं हो रहा है।
शहर से सटे गांव सुआगाड़ा के हर घर में कोई न कोई बुखार से पीड़ित है। बावजूद इसके वहां न तो नियमित सफाई ही की जा रही है न ही अबतक कोई स्वास्थ्य कैंप ही लगाया गया है। ऐसा तब है जबकि गांव में मच्छरों की भरमार है और मलेरिया के कई केस भी निकल चुके हैं। वहीं शहर के मोहल्ला सिकटिहा, आवास विकास आदि कई मोहल्लों में भी बुखार फैला है।
जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. हरी शंकर ने बताया कि बुधवार तक जिले में 283 मलेरिया और डेंगू के 99 मरीज पाए जा चुके है। इसमें अधिकांश मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि कुछ का इलाज जारी है। डेंगू, मलेरिया प्रभावित गांव व कस्बों में स्वास्थ्य विभाग की ओर से कैंप लगाया जा रहा है। साथ ही फॉगिंग व एंटी लार्वा का छिड़काव कराया जा रहा है।
डेंगू पीड़ित युवक की लखनऊ में उपचार के दौरान मौत
- सीएचसी अधीक्षक बोले- करनपुर गांव का सर्वे कराएंगे
संवाद न्यूज एजेंसी
फरधान। सीएचसी फरधान क्षेत्र के गांव करनपुर में डेंगू से पीड़ित 38 वर्षीय युवक की लखनऊ में उपचार के दौरान मौत हो गई। गांव के अन्य बुखार से पीड़ितों में भय का माहौल है।
गांव करनपुर निवासी मनोज कुमार मिश्र (38) को पांच दिन पहले बुखार आया था। जांच कराने पर डेंगू पाया गया। इस पर उपचार के लिए उसे ट्रामा सेंटर लखनऊ में भर्ती कराया गया था। जहां मंगलवार की शाम को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। डेंगू बुखार से मौत से ग्रामीणों में भय व्याप्त है।
मृतक की माता सुशीला देवी और गांव की हुसैना समेत कई लोग बुखार से अभी पीड़ित हैं। गांव में फॉगिंग नहीं कराने से ग्रामीणों में रोष है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. अमित वाजपेई ने बताया कि करनपुर गांव में डेंगू से पीड़ित मरीज की मौत हो जाने के बारे में जानकारी नहीं है। अगर ऐसा है तो कल ही करनपुर गांव का सर्वे कराया जाएगा।
स्वास्थ्य शिविर में 58 मरीजों की जांच, एक डेंगू से पीड़ित मिला
फरधान। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फरधान क्षेत्र के गांव बांसखेड़ा में स्वास्थ्य शिविर में 58 ग्रामीणों के स्वास्थ्य का परीक्षण किया गया। इसमें डेंगू से पीड़ित एक मरीज मिला।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फरधान के अधीक्षक डॉ. अमित बाजपेई ने बताया कि ग्रामीणों से सूचना मिली थी कि विकास खंड सदर के गांव बांसखेड़ा में कई लोग बुखार से पीड़ित हैं। बुधवार को गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीम भेजकर 1180 आबादी वाले गांव में 58 लोगों की मलेरिया और डेंगू की जांच की गई। कुछ लोगों को सामान्य बुखार से पीड़ित मिले। ग्राम प्रधान को गांव की साफ सफाई कराने और एंटीलार्वा छिड़काव कराने तथा फागिंग कराने के लिए कहा गया है। संवाद