लखीमपुर खीरी। मेडिकल कॉलेज अस्पताल के डी-ब्लॉक निर्माण के लिए 23 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत हो गया है। इसके निर्माण को लेकर टेंडर प्रक्रिया चल रही है।
प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू होगा। डी-ब्लॉक बनने से मेडिकल कॉलेज में इलाज की सुविधा शुरू होने की उम्मीद है। मेडिकल कॉलेज अस्पताल का निर्माण 261 करोड़ रुपये की लागत से करीब डेढ़ साल पहले पूरा हो चुका है, लेकिन अब तक इलाज की सुविधा शुरू नहीं हो सकी। इसकी प्रमुख वजह डी-ब्लॉक का निर्माण नहीं होना है।
चार ब्लॉक वाले मेडिकल कॉलेज के ए, बी और सी-ब्लॉक बन चुके हैं। डी-ब्लॉक में किचन, मोर्चरी, प्राचार्य कक्ष, लॉन्ड्री, पैथोलॉजी और सर्जरी के 30 बेड का वार्ड समेत अन्य सुविधाएं होंगी।
लोक निर्माण विभाग, लखनऊ के एई व्यासमुनि ने बताया कि डी-ब्लॉक का निर्माण 23 करोड़ रुपये में कराया जाना है। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया चल रही है।
तत्कालीन सीडीओ के प्रयास से मिली मंजूरी
मेडिकल कॉलेज शुरू कराने के लिए तत्कालीन सीडीओ अभिषेक कुमार लगातार प्रयासरत रहे। उन्होंने समीक्षा बैठकों के साथ निरीक्षण भी किए। बिजली कनेक्शन के बजट और डी-ब्लॉक निर्माण को लेकर शासन को कई बार पत्राचार किया। अब डी-ब्लॉक के लिए बजट स्वीकृत हो गया है।