लखीमपुर खीरी। उमस भरी भीषण गर्मी के बीच बिजली की अघोषित कटौती लोगों के लिए मुसीबत बन गई है। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक में बिजली आपूर्ति का बुरा हाल है। शहर के नई बस्ती उपकेंद्र की बिजली व्यवस्था पिछले कई दिन से पटरी से उतरी है। इसके अंतर्गत आने वाले कई मोहल्लों में दिन और रात में कई बार कटौती की जा रही है।
भीषण गर्मी के बाद बिजली की अघोषित कटौती से लोग परेशान है। रात से लेकर दिन में बार-बार काटी जा रही बिजली की वजह से लोग परेशान हैं। शहर के मोहल्ला नौरंगाबाद, बहादुर नगर, गंगोत्रीनगर, हाथीपुर, सैधरी, मेला मैदान सहित कई मोहल्ला में बिजली आपूर्ति बाधित होती रही। इससे लोगों को रात में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
बृहस्पतिवार रात नई बस्ती उपकेंद्र से जुड़े खीरी रोड के माेहल्ला काशीनगर, आवास विकास काॅलोनी, महाराजनगर, राजाजीपुरम, राजापुर में भी लोग बिजली की आवाजाही से परेशान रहे। कटौती के पीछे लोकल फॉल्ट को कारण बताया जा रहा है।