लखीमपुर खीरी। भीषण गर्मी के बीच जिले में बिजली संकट गहराता जा रहा है। शहर में रोजाना 80 से 90 शिकायतें दर्ज हो रही हैं, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में लो-वोल्टेज, ट्रिपिंग और घंटों की कटौती से सिंचाई प्रभावित हो रही है।
उपभोक्ताओं का आरोप है कि बिजली जाने पर विभाग लोकल फॉल्ट या तकनीकी खराबी बताकर मामला टाल देता है, लेकिन कटौती और खराब आपूर्ति पर कोई जवाबदेही तय नहीं होती।
जिले में शुक्रवार रात कुछ राहत रही, लेकिन उससे पहले कई रातों में उपभोक्ताओं को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। लोगों का कहना है कि रात में 12 घंटे में 15 से 20 बार बिजली की आवाजाही होती है। हर 30 से 45 मिनट में कटौती से नींद उड़ जाती है। शहर के छह उपकेंद्रों पर रोजाना 80 से 90 शिकायतें पहुंच रही हैं, जिनमें सबसे अधिक गढ़ी और खीरी टाउन उपकेंद्र की हैं।
गढ़ी उपकेंद्र पर बृहस्पतिवार को 22, शुक्रवार को 18 और शनिवार को दोपहर दो बजे तक आठ शिकायतें दर्ज हुईं। खीरी टाउन उपकेंद्र पर बृहस्पतिवार को 19, शुक्रवार को 14 और शनिवार को दोपहर दो बजे तक चार शिकायतें आईं। छाउछ, कलक्ट्रेट, नई बस्ती और न्यू छाउछ उपकेंद्रों पर भी लो-वोल्टेज और अचानक बिजली गुल होने की शिकायतें लगातार मिल रही हैं।
शहर के 65 हजार से अधिक उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली नहीं मिल पा रही है। उपभोक्ताओं का कहना है कि बिल वसूली में विभाग पूरी सख्ती दिखाता है, लेकिन गुणवत्तापूर्ण और निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित नहीं कर पा रहा है। कटौती की सूचना भी समय से नहीं दी जाती।
-
24 में केवल 5 से 7 घंटे बिजली मिल रही
बरबर उपकेंद्र के मकसूदपुर फीडर पर लो-वोल्टेज, ट्रिपिंग और 24 घंटे में केवल 5 से 7 घंटे बिजली मिलने से सिंचाई प्रभावित हो रही है। इस फीडर से अभयपुर, वसारा, भोगीपुर मनी, रसूलपुर, चोरहा खुर्रमनगर, गद्नापुर, जमुका, महमूदपुर नाजिर समेत 32 गांव जुड़े हैं। जेई शिवप्रकाश ने बताया कि लाइन की कमियां तलाशने के लिए टीमें लगी हैं।
बिजली जाने के बाद अक्सर इसे लोकल फॉल्ट या तकनीकी खराबी बताकर मामला टाल दिया जाता है। कई बार शिकायत के बाद भी फॉल्ट ठीक होने में घंटों लग जाते हैं।
-रामेश्वर दयाल, निवासी अर्जुनपुरवा
-
सबसे ज्यादा परेशानी रात में होती है। बिजली कटने पर उमस भरी गर्मी में घरों में रहना मुश्किल हो जाता है। बुजुर्ग, बच्चे और मरीज पूरी रात जागने को मजबूर हो जाते हैं।
-संतराम, निवासी सुआगाढ़ा
-
मॉर्निंग अभियान शुरू, जारी है कार्रवाई
विद्युत चोरी रोकने के लिए निगम की ओर से मॉर्निंग चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। टीमें सुबह उपभोक्ताओं के घरों पर जांच कर रही हैं। लखीमपुर डिविजन में कई उपभोक्ता बिजली चोरी करते पकड़े गए हैं, जिनके खिलाफ मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
-
भीषण गर्मी में बिजली की मांग बढ़ने से कुछ स्थानों पर ट्रांसफार्मरों के फ्यूज उड़ने और तार जलने जैसी समस्याएं आ रही हैं। शिकायत मिलते ही टीमों को मौके पर भेजकर आपूर्ति बहाल कराई जाती है। व्यवस्था सुधारने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। गढ़ी और खीरी टाउन उपकेंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
- शैलेंद्र कुमार, अधिशासी अभियंता, लखीमपुर डिवीजन
संतराम