पलियाकलां। भीरा स्थित भारतीय स्टेट बैंक की मिनी शाखा में ठगी का शिकार हुए ग्राहकों का लगातार प्रदर्शन जारी है। लोगों ने सोमवार को बैंक के मुख्य गेट पर ताला डाल दिया।
सोमवार को भारी संख्या में ग्राहकों ने ठगी की बात कहते हुए स्टेट बैंक के मुख्य गेट पर ताला डाल दिया। सभी ने ग्राहकों ने प्रबंधक से अपने रुपये वापस दिलाने की मांग की। ग्राहकों का कहना था कि उन्होंने काफी जोड़कर बैंक में रुपये जमा किए थे, लेकिन मिनी बैंक का संचालक ठगी कर फरार हो गया। काफी दिनों से बैंक के चक्कर काट रहे हैं लेकिन रुपये लौटाने के बाबत कोई सही जानकारी नहीं दे रहा है। सोमवार को बैंक के गेट पर ताला जड़ दिया गया।
ग्राहकों ने पुलिस पर भी आरोप लगाया कि तीन महीने बाद भी मुख्य आरोपी को पुलिस नहीं पकड़ सकी है। उधर, ताला जड़ने की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाया। बैंक अधिकारियों ने भी जल्द ग्राहकों के रुपये वापस दिलाने का आश्वासन दिया। तब जाकर ग्राहक माने और बैंक का ताला खोला। इस दौरान भारी संख्या में ग्राहकों की भीड़ बैंक के बाहर लगी रही। संवाद