लखीमपुर खीरी। चैत्र नवरात्र के पांचवें दिन देवी मंदिरों से लेकर घरों में मां दुर्गा के पांचवे स्वरूप माता स्कंदमाता का पूजन हुआ। पुजारियों ने मंदिरों में तो भक्तों ने घरों पर ही मां का विधि विधान से हवन पूजन किया। रविवार को स्कंदमाता के पूजन को लेकर मंदिर से लेकर घर भक्तिमय हो गए। लॉकडाउन के कारण मंदिरों से भीड़ नदारद रही, लेकिन घरों से मां के जयकारे गूंजते रहे। भक्तों ने मां की उपासना कर कोरोना मुसीबत से छुटकारा पाने की मन्नत मांगी। संकटा देवी मंदिर के पुजारी मदन शुक्ला ने बताया कि मां के पांचवे स्वरूप स्कंदमाता चेतना का निर्माण करने वाली हैं। इनकी उपासना से अलौकिक तेज और कांति प्राप्ति होती है। मां अपने भक्तों की सभी मनोकामना पूरी करती हैं। संवाद