लखीमपुर खीरी। मंगलवार को शासन से प्राप्त निर्देशों के क्रम में डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह और एसपी सत्येंद्र कुमार ने मुस्लिम धर्मगुरुओं के साथ मोहर्रम को लेकर बैठक की, जिसमें डीएम ने कहा कि कोविड-19 का प्रसार बड़ी तेजी से बढ़ता जा रहा है, ऐसे में ताजिये नहीं रखे जाएंगे और न ही किसी प्रकार के जुलूस की अनुमति दी जाएगी।
कलक्ट्रेट सभागार में एसपी सत्येंद्र कुमार ने कहा कि मोहर्रम के संबंध में जो भी गाइड लाइन निर्धारित की गई हैं उसका शतप्रतिशत अनुपालन कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि अगस्त में पड़ने वाले त्योहारों गणेश चतुर्थी एवं मोहर्रम जो विभिन्न तिथियों में आयोजित होंगे को गृह मंत्रालय ने सादगी से मनाने के निर्देश दिए हैं। इन त्योहारों पर कोई भी जुलूस, झांकी नहीं निकाली जाएगी। किसी भी दशा में भीड़ भी एकत्र नहीं होने दी जाएगी। बैठक में एडीएम अरुण कुमार सिंह, एएसपी अरुण कुमार सिंह, सीओ सिटी संजय नाथ तिवारी, ईओ आरआर अंबेश सहित मुस्लिम धर्मगुरु मौजूद रहे।
कई स्थानों पर पीस कमेटी की बैठक: मोहर्रम और गणेश चतुर्थी को लेकर बताई गाइड लाइन
मोहर्रम और गणेश चतुर्थी के मद्देनजर मंगलवार को पीस कमेटी की बैठकों में अफसरों ने कहा कि कोरोना संकटकाल में मोहर्रम पर ताजियों का जुलूस नहीं निकलेगा तो गणेश चतुर्थी पर सामूहिक आयोजन नहीं होंगे।
कोतवाली परिसर में हुई बैठक में तहसीलदार विपिन कुमार द्विवेदी ने कहा कि कोरोना वैश्विक महामारी से सभी के सहयोग से ही निपटा जा सकता है। शासन की गाइड लाइन के अनुसार सभी धार्मिक आयोजनों पर रोक लगा दी गई है। अनीस अहमद खान ने कहा कि यदि कोई गुप्त सूचना दी जाए तो उस पर त्वरित कार्रवाई होनी चाहिए। मौलाना अब्दुल गफ्फार ने कहा कि ताजियेदारों की अलग से बैठक बुलाई जाए। हाजी जफरुल्लाह खां ने त्योहारों पर सामाजिक दूरी का पालन कराने पर जोर दिया। अरविंद गुप्ता, पारस प्रसाद मिश्र, श्रीकांत तिवारी, अरुण अवस्थी आदि ने विचार रखे। प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार यादव ने कहा कि शासन की गाइड लाइन का उल्लंघन करने वालों पर पुलिस की कड़ी नजर रहेगी। इस मौके पर प्रधान जितेंद्र बाजपेई, शकील अहमद खान, शेर खान, अब्दुल लतीफ, फारुख खान, माशूक अली, तौफीक खां आदि मौजूद रहे।
मितौली एसडीएम दिग्विजय सिंह और सीओ शीतांशु कुमार ने थाना परिसर में हुई पीस कमेटी की बैठक में कहा कि गणेश चतुर्थी और मोहर्रम पर कोई सामूहिक आयोजन नहीं होगा। न ही जुलूस निकाला जाएगा। बैठक में व्यापार मंडल अध्यक्ष अमित गुप्ता, एसआई जेपी यादव आदि मौजूद थे।
सिकंद्राबाद थाना नीमगांव के कार्यवाहक प्रभारी निरीक्षक गजेंद्र सिंह ने कहा कि जुलूस निकालने अथवा मेला लगाने पर कार्रवाई होगी। बैठक में चौकी इंचार्ज हनुमंत लाल तिवारी, नीमगांव प्रधान सवितादीन रायपुर प्रधान इरफान, मुडिय़ा प्रधान सोनू रस्तोगी आदि मौजूद थे।
पसगवां कोतवाली परिसर में आयोजित पीस कमेटी की बैठक में प्रभारी निरीक्षक आदर्श कुमार सिंह ने कहा कि कोविड 19 से बचाव के लिए मोहर्रम पर जुलूस नहीं निकालें और गणेश चतुर्थी पर सामूहिक आयोजन न करें। शांति बनाई रखें। इस अवसर पर प्रधान राहुल गुप्ता, आशीष गुप्ता, शिवम मिश्रा, मो. शाहिद बेेग आदि मौजूद रहे।