ममरी। हैदराबाद थाना क्षेत्र के रोशननगर गांव में मौलवी साहब के चार दिनी उर्स के तीसरे दिन भी मजार पर फातेहा, चादरपोशी का सिलसिला जारी रहा। वहीं बच्चों ने मेले में लगे चर्खी, खिलौनों आदि खेल तमाशों का लुत्फ उठाया।
रोशननगर गांव में बनी मौलवी साहब की पुश्तैनी मजार पर रविवार से शुरू हुए चार दिवसीय सालाना उर्स में मंगलवार को क्षेत्र से लेकर दूर दराज के आए तमाम अकीदतमंदों ने मजार पर फातेहा कराकर चादरपोशी की और दुआ मांगी। गंगा जमुनी तहजीव पर लगे मेले में तीसरे दिन भी भीड़ रही। वहीं मेले में लगी मिष्ठान, सौंदर्य ज्वैलरी, हौजरी, मिट्टी के बर्तन आदि सामान की दुकानों पर खरीदारी का सिलसिला जारी रहा। मजार के पास प्रसाद और चादरों की दुकानें भी लगी रही।
मौलाना रमजान शाह ने बताया कि उर्स का समापन बुधवार को अंतिम चादरपोशी, सामूहिक फातेहा, प्रसाद वितरण के साथ किया जाएगा। डॉ. फरीद खां, प्रधान रियाजत अली, पूर्व प्रधान अनूपचंद वर्मा, सचेंद्र अग्निहोत्री आदि मेले की देखरेख में लगे रहे।