पलियाकलां। गोल्ड लोन के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी के चर्चित मामले में पुलिस ने एक्सिस बैंक के पूर्व गोल्ड लोन कर्मी आदेश शेख के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है।
पीड़ितों के अनुसार, मझगईं निवासी आदेश शेख ने बैंक में गोल्ड लोन मैनेजर रहते हुए लोगों को झांसा दिया कि जिन ग्राहकों का सोना गिरवी है और जो लोन नहीं चुका पा रहे हैं, वह उस सोने को सस्ते दामों पर उनके पक्ष में नीलाम करवा देगा। इस लालच में आकर लोगों ने उसे करोड़ों रुपये सौंप दिए।
मामला तब खुला जब न तो पीड़ितों को सोना मिला और न ही उनकी रकम वापस हुई। दबाव बढ़ने पर आरोपी ने जय कुमार गुप्ता और उनके पुत्र राज गुप्ता समेत अन्य लोगों को चेक दिए, लेकिन करीब 15 दिन पहले बैंक में लगाए जाने पर खाते में बैलेंस न होने और हस्ताक्षर मिसमैच के कारण चेक बाउंस हो गए।
राज गुप्ता ने तहरीर में बताया कि उनसे करीब 1.11 करोड़ रुपये की ठगी की गई है। जांच के बाद कोतवाली प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। थानाध्यक्ष के अनुसार आरोपी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए टीमें दबिश दे रही हैं।
एक्सिस बैंक के शाखा प्रबंधक सौरभ मिश्रा ने बताया कि आरोपी को पहले ही निलंबित किया जा चुका है और उसके अधिकांश लेनदेन बैंक परिसर के बाहर हुए, जिन्हें बैंक की आधिकारिक प्रक्रिया का हिस्सा नहीं माना जा सकता।